रोहतक शहर में देर रात डी-पार्क के पास हुए सड़क हादसे में डीएसपी गुलाब सिंह के गनमैन नरेंद्र सिंह की मौत हो गई। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं आज शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक की पहचान झज्जर जिले के गांव माजरा हाल विशाल नगर निवासी नरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। नरेंद्र सिंह डीएसपी गुलाब सिंह के गनमैन के तौर पर कार्यरत थे। डीएसपी के अवकाश पर होने के कारण इन दिनों उनकी ड्यूटी सिविल लाइन थाना में लगी हुई थी। सोमवार देर रात वह अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी पर ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए।जानकारी के अनुसार, नरेंद्र सिंह जब डी-पार्क के पास पहुंचे तो सामने से तेज रफ्तार में आ रहे दो बाइक सवार युवकों ने उनकी स्कूटी को सीधी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक बाइक पर रेस लगा रहे थे। तेज गति और लापरवाही के कारण हुए इस हादसे में नरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।हादसे में दोनों बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की पहचान करण पुत्र राजू निवासी गांधी नगर, नरवाना (जींद) तथा जीवन पुत्र गणेश निवासी सुभाष नगर, रोहतक के रूप में हुई है। दोनों का उपचार ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
मृतक की पत्नी प्रमिला ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि नरेंद्र सिंह आर्मी से सेवानिवृत्त होने के बाद डीएसपी के गनमैन के रूप में कार्यरत थे और सोमवार को भी अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे। सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी ने बताया कि सड़क हादसे में एक कर्मचारी की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
