पुलिस अधीक्षक रेलवे, हरियाणा, अम्बाला छावनी, सुश्री नितिका गहलावत (IPS) के दिशा-निर्देशानुसार चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत आज राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) रोहतक, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) रोहतक तथा जिला पुलिस रोहतक द्वारा संयुक्त रूप से रोहतक रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों, आम नागरिकों तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार एवं समाज के लिए गंभीर समस्या है। इसके दुष्परिणामों से बचने के लिए सभी नागरिकों को जागरूक होकर नशे के खिलाफ अभियान में भागीदारी निभानी चाहिए। साथ ही लोगों से अपील की गई कि यदि कहीं भी नशा तस्करी अथवा नशे से संबंधित कोई गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
रोहतक रेलवे स्टेशन परिसर में चलाए गए इस अभियान के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को जागरूक किया गया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।




