हरियाणा के कैथल जिले में एक ही दिन में हुई दो संदिग्ध मौतों ने सनसनी फैला दी है। ढांड गांव के 43 वर्षीय ड्राइवर दिलबाग ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले उसने चलती कार में एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसमें दो महिलाओं और दो पुरुषों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया।
वीडियो में दिलबाग ने कहा कि उसकी मौत के जिम्मेदार कालू कुम्हार (कालो), रानी नैन, सीमा (कियोडक) और कृष्ण हैं। उसने यह भी दावा किया कि कालू कुम्हार से उसे पैसे लेने थे और इन लोगों को “बख्शा न जाए।”
वीडियो सामने आने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद उसका शव घर में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक की पत्नी सुमन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिलबाग ड्राइवरी का काम करता था। उसने गांव के काला को 4 लाख रुपए और कृष्ण को 3 लाख रुपए उधार दिए थे, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी दोनों ने पैसे वापस नहीं किए।
शिकायत के अनुसार, जब दिलबाग ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे रेप जैसे गंभीर मामले में फंसाने की धमकी दी। आरोप है कि कियोडक निवासी सीमा और रानी ने भी उस पर दबाव बनाया और पैसे मांगने पर केस दर्ज कराने की धमकी दी। इसी मानसिक तनाव के चलते दिलबाग ने आत्महत्या कर ली।
5 घंटे बाद नामजद महिला ने भी खाया जहर
दिलबाग की आत्महत्या के करीब पांच घंटे बाद वीडियो में नामजद कियोडक निवासी महिला सीमा ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
चार आरोपियों पर केस दर्ज
ढांड थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर दो महिलाओं और दो पुरुषों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
ढांड थाना के एसएचओ शक्ति सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
वहीं, सीमा की मौत के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने फिलहाल परिजनों के बयान के आधार पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि सीमा पर लगे आरोपों की जांच ढांड थाना पुलिस कर रही है।
