असंध से करनाल आ रही रोडवेज बस के चालक का चलती बस में मोबाइल फोन पर बात करते हुए वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि बस में करीब 60 यात्री सवार थे। ऐसे में ड्राइवर की इस लापरवाही से यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

वायरल वीडियो में चालक बस चलाते समय मोबाइल फोन पर बातचीत करता दिखाई दे रहा है। यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी होने के बावजूद इस तरह मोबाइल का इस्तेमाल करना हादसे को न्योता दे सकता है।

मामला विभाग के संज्ञान में आने के बाद रोडवेज प्रबंधन ने चालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है। चालक के जवाब और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

यात्रियों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए, क्योंकि चालक की एक छोटी सी गलती कई लोगों की जान खतरे में डाल सकती है।

वायरल वीडियो में हरियाणा रोडवेज की बस का ड्राइवर फोन पर बात करते हुए बस चलाता नजर आ रहा है। आरोप है कि वह करीब 10 मिनट तक मोबाइल पर बातचीत करता रहा। इसी दौरान बस को ओवरटेक भी किया गया। बस में करीब 60 सवारियां मौजूद थीं।

यात्री ने मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। इसके बाद वीडियो वायरल हो गया।

वीडियो करनाल रोडवेज डिपो के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह तक भी पहुंचा। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत वीडियो में दिखाई दे रही बस और ड्राइवर की जानकारी निकलवाई। जांच में सामने आया कि यह असंध सब डिपो की बस थी, जो बाहरी से करनाल की तरफ आ रही थी। बस पर ड्राइवर के तौर पर प्रदीप की ड्यूटी थी।

जीएम कुलदीप सिंह ने बताया कि वीडियो 15 सितंबर की सुबह का ही है और उनके पास भी पहुंचा है। वीडियो में ड्राइवर के मोबाइल फोन पर बात करते हुए बस चलाने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि ड्राइवर प्रदीप को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है।

ड्राइवर से पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। उसका जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

रोडवेज अधिकारियों ने घटना के बाद बस ड्राइवरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। जीएम ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। किसी भी ड्राइवर द्वारा इस तरह की लापरवाही बरती जाती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों का कहना है कि ड्राइवर को बस चलाते समय पूरी सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!