रोहतक में एक कार चालक अब तक कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल भरवाकर बिना रुपए दिए रफूचक्कर हो चुका है। मंगलवार को उसने रोहतक के घिलौड स्थित पेट्रोल पंप भी इसी वारदात को अंजाम दे दिया है।

कार में पहले से ही कैन लेकर आए आरोपी ने पहले 18 हजार का डीजल और सात हजार का पेट्रोल भरवा लिया। इसके बाद कार को तेजी से लेकर भाग गया। पंप मैनेजर ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पंप के फुटेज उपलब्ध कराकर आरोपी को पकड़ने की गुहार लगाई है।

रोहतक के गांव घिलौड कलां के रहने वाले अंकित ने पुलिस को बताया है कि वह पास में ही पेट्रोल पंप पर मैनेजर हैं। मंगलवार दोपहर एक टाटा जेस्ट कार में आए युवक ने सेल्समैन से कार में रखी कैनों में कुल 25 हजार का डीजल और पेट्रोल भरवा लिया। सेल्समैन ने रुपए मांगे तो आरोपी कार में से रुपए देने के बहाने कार में घुस गया और फिर तेजी से कार को भगा ले गया।

वारदात के समय वह पंप की ऑफिस में बैठे थे। अन्य पेट्रोल पंपों से जानकारी हुई है कि आरोपी इस तरह कई पेट्रोल पंपों पर वारदात कर चुका है। एक माह के भीतर उसने कानी व रिटौली की पेट्रोल पंपों को भी निशाना बनाया है। हर बार अलग कार से आता है और कार पर नंबर भी फर्जी होता है। देखने में मोटा है और टोपी लगाता है।

शिकायतकर्ता अंकित से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी से इलाके के पेट्रोल पंप मालिक तंग आ चुके हैं। उसे पकड़ने के लिए सभी योजना बना रहे हैं। सभी से उसके हुलिया और वारदातों के बारे में बता दिया गया है। इधर, थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। सीसीटीवी फुटेजों को बारीकी से चेक किया जा रहा है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!