हरियाणा में सुबह के समय ठंड महसूस की जाने लगी है। इसका कारण है कि पहाड़ों की ओर से उत्तरी हवाएं हरियाणा में आ रही हैं। इसके कारण न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है। वहीं तेज धूप के कारण दिन में हवाओं का असर कम हो रहा है। इसके कारण दिन का तापमान रात के बजाय दोगुना हो रहा है।
पिछले 6 दिनों से न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है। उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट जारी है। हरियाणा आईएमडी के मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जब दिन और रात का तापमान का अंतर अब कम होने लगेगा तो ठंड बढ़ती चली जाएगी। अभी दिन का तापमान 33 डिग्री के आसपास स्थिर बना हुआ है।
मगर जैसे-जैसे दिन निकलते जाएंगे वैसे-वैसे तापमान कम होने लगेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि नवंबर में दिन में भी ठंड का एहसास होने लगेगा। वहीं अक्टूबर के अंत तक अगर मौसम खुश्क रहता है और उत्तर-पश्चिमी हवाएं जारी रहती है तो न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है।
हरियाणा में पिछले 6 दिनों के तापमान की बात करें तो 11 अक्टूबर को तापमान 17.1, 12 अक्टूबर को 16.9, 13 अक्टूबर को 16.4, 14 अक्टूबर को 15.7 और 15 अक्टूबर 15. 5 डिग्री और 16 अक्टूबर 15. 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
