हरियाणा में फतेहाबाद शहर के भट्टू रोड स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी में कुत्ते ने 10 साल के बच्चे को बुरी तरह काटकर घायल कर दिया। कुत्ते ने उसकी बाजू चबा डाली। गंभीर रूप से घायल बच्चे को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार देकर उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां से बच्चे को गुरुग्राम ले जाया गया है।

बच्चा अपने परिजनों के साथ गुरुग्राम से यहां रिश्तेदारी में आया था। उसे एक शादी समारोह में शामिल होने सिरसा जाना था। इस मामले में पुलिस ने भट्टू रोड के ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी शाम लाल के बयान पर कुत्ते के मालिक सुखविंदर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें घर के बाहर कुत्ता बच्चे पर हमला करता दिख रहा है। पुलिस को दिए बयान में शाम लाल ने बताया कि पड़ोस में सुखविंदर किराए के मकान में रहता है, और उसने एक कुत्ता पाल रखा है। वह काफी खूंखार किस्म का है। आरोप है कि सुखविंदर अपने कुत्ते को सुबह-शाम बिना पट्टे के घूमने छोड़ देता है।

उन्होंने बताया कि 3 मार्च को भी उसने कुत्ते को खुला छोड़ रखा था। घर पर गुरुग्राम से साली के बच्चे आए हुए थे। शाम करीब साढ़े 6 बजे साली का पोता समर अरोड़ा गली में कुत्ते के छोटे बच्चों (पिल्लों) को बिस्कुट खिला रहा था। इसी दौरान सुखविंदर के कुत्ते ने समर पर हमला कर दिया और बुरी तरह नोच डाला।

कुत्ते के बच्चे को बाजू पर काटा। डर के कारण बच्चा सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसकी हथेली में भी चोट आई है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह हादसा सुखविंदर की लापरवाही से हुआ है। फिलहाल सिटी थाना पुलिस ने आरोपी सुखविंदर के खिलाफ IPC की धारा 289 और 336 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!