रोहतक में डेंगू ने दस्तक दे दी है। मंगलवार को रोहतक में इस सीजन का डेंगू का पहला केस सामने आया। हिसार बाइपास पर शास्त्री नगर में रहने वाली एक महिला को डेंगू की पुष्टि हुई। डेंगू का पहला मरीज मिलते ही स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर आ गया। अब शास्त्री नगर और उसके आसपास के पूरे क्षेत्र में अभियान छेड़ा जाएगा। पिछले साल रोहतक में डेंगू के 69 केस मिले थे।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शास्त्री नगर में महिला मरीज के घर के आसपास एंटी लार्वा एक्टिविटी चलाई। साथ ही फीवर सर्वे भी शुरू कर दिया। इसके तहत महिला मरीज के पारिवारिक सदस्यों के साथ-साथ आसपास के एरिया में रहने वाले लोगों के सैंपल लिए जाएंगे। विभाग डेंगू फैलने के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ बुधवार को नगर निगम से शास्त्री नगर एरिया में फॉगिंग भी करवाएगा।
मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एंटी लार्वा एक्टिविटी के तहत चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अर्बन एरिया में 34 जगह लार्वा मिला। जिन घरों, दुकानों और व्यावसायिक ठिकानों पर लार्वा मिला, उन सभी को विभाग ने नोटिस जारी कर दिए। इन लोगों को हिदायत दी गई कि 72 घंटे में दोबारा जांच की जाएगी। अगर फिर से लार्वा मिला तो नगर निगम उनके चालान काटेगा। अभी तक इस साल रोहतक जिले में 1058 लोगों को विभाग नोटिस जारी कर चुका है। महम नगर पालिका ने एक चालान भी काटा है।
रोहतक के सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला ने सभी सुपरवाइजर को मासिक मीटिंग में आदेश दिए कि रैपिड फीवर सर्वे, एंटी लार्वा एक्टिविटी पर विशेष ध्यान रखें। जिले में डेंगू का पहला केस आने के बाद सभी अपने-अपने एरिया में गहनता से जांच कराएं ताकि मच्छर जनित बीमारियों से बचा जा सके।
