कुरुक्षेत्र शहर में डेढ़ साल के मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने एक स्थानीय क्लीनिक संचालक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि बच्चे को फुंसी/फोड़े की दवा दिलाने के लिए उसका दादा पास के एक क्लीनिक में लेकर गया था।

परिजनों के अनुसार इंजेक्शन लगने के कुछ ही समय बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। आरोप है कि इसके बाद क्लीनिक संचालक बच्चे और उसके दादा को एक निजी अस्पताल के गेट पर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मृतक बच्चे की पहचान डेढ़ वर्षीय दैविक के रूप में हुई है। दैविक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके पिता गुरदीप सिंह रेलवे रोड पर इलेक्ट्रीशियन का काम करते हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

परिजन मामले की जांच और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

सैनी कॉलोनी के कर्मचंद ने बताया कि 15 जून की शाम करीब 7:15 बजे वह अपने डेढ़ साल के पोते दैविक को घुटने में हुए फोड़े का इलाज कराने के लिए कॉलोनी एक क्लिनिक में लेकर गए थे। वहां मौजूद क्लिनिक संचालक ने फोड़े में चीरा लगाने और चीरा लगाने से पहले इंजेक्शन लगाने की बात कही।

आरोपी ने बच्चे दैविक को इंजेक्शन लगा दिया, लेकिन इंजेक्शन लगाने के कुछ देर बाद ही बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। बच्चे की तबीयत बिगड़ी, तो आरोपी ने एक और इंजेक्शन लगा दिया। जिससे बच्चे बेहोश हो गया। तब क्लिनिक संचालक बच्चे और उसके दादा को अपने साथ स्कूटी पर 50 फुटा रोड पर एक प्राइवेट अस्पताल लेकर गया।

आरोपी उनको अस्पताल के गेट पर छोड़कर फरार हो गया। यहां बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया और प्राथमिक उपचार के बाद उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पाकर परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। यहां बच्चे का 2 दिन तक इलाज चलता रहा, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।

तब बच्चे को 17 जून को PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। यहां बच्चे का इलाज चलता रहा, लेकिन बाद में डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की फैमिली ने क्लीनिक के डॉक्टर राकेश कुमार पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया। इस कारण उनके बच्चे दैविक की मौत हो गई। उधर, पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!