रोहतक के गांव किलोई में सोमवार देर शाम एक युवक और महिला के शव गांव के एक पेड़ से लटके मिले। वारदात की जानकारी मिलते ही इलाके के ग्रामीणों में सनसनी फ़ैल गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शवों को नीचे उतारकर पीजीआई भेजा।
पुलिस द्वारा अभी इसे आत्महत्या का मामला मान कर ही जांच की जा रही है। हालांकि पुलिस हत्या या आत्महत्या की आशंका पर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं कह रही है। पोस्मार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकेगा। युवक और महिला के शव पेड़ पर लटके मिलने के बाद सवाल खड़े हो रहे हैं। सवाल यह है कि दोनों के शव जिस तरीके से मिले हैं उसे देखकर लगा रहा है कि उन दोनों के बीच गहरी जान-पहचान थी
जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम को गांव के बाहर कुछ ग्रामीण खेत से आ रहे थे। उन्होंने देखा कि एक पेड़ पर युवक और महिला का शव लटके हुए हैं। उन्होंने घटना की जानकारी गांव में दी। इसके बाद ग्रामीण भारी संख्या में दोनों को देखने के लिए मौके पर पहुंच गए। मामले की जानकारी मिलते ही सदर थाना प्रभारी अरविंद कुमार भी दलबल समेत मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को ग्रामीणों की मदद से नीचे उतारा गया।
मृतक युवक की पहचान 41 वर्षीय अशोक निवासी किलोई के रूप में हुई, जबकि महिला की कोई पहचान नहीं हो सकी। ग्रामीणों के अनुसार, अशोक आटो चलाता था, जो शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी है। महिला भी विवाहित बताई जा रही है, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। चर्चा है कि वह रोहतक की रहने वाली है, लेकिन देर रात तक इसकी कोई पुष्टि नहीं हो सकी। जिस तरीके से दोनों के शव पेड़ के ऊपर मिले हैं उससे यहीं लग रहा है कि दोनों पहले पेड़ के ऊपर चढ़े होंगे। इससे बाद गले में रस्सी का फंदा लगा लिया। महिला का शव लटका हुआ था, जबकि युवक पेड़ की डाल पर बैठा हुआ था, जिसके शरीर का झुकाव पीछे की तरफ था और गले में फंदा लगा हुआ था।
पुलिस ने शवों को उतरवा कर पीजीआई भेज दिया। पुलिस ने घटना को लेकर ग्रामीणों से भी पूछताछ की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है, लेकिन परिवार के सदस्यों के बयान और छानबीन के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार के अनुसार युवक की पहचान हो चुकी है, जबकि महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। अभी इस बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
