सोनीपत शहर के औद्योगिक क्षेत्र कुंडली के महादेव मार्केट में रविवार शाम एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई, जहां दो अज्ञात बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में मनी ट्रांसफर की दुकान पर लूट की वारदात को अंजाम दिया है।
दुकानदार को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने बड़ी ही सुनियोजित तरीके से पहले रेकी की और फिर शाम के समय लौटकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने दुकानदार के हाथ-पैर और मुंह को प्लास्टिक टेप से बांधकर करीब 1 लाख 20 हजार रुपए नकद और सोने की चेन लूट ली तथा दुकान को बाहर से लॉक कर फरार हो गए।
कुंडली में दुकानदार रीतोष दुबे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मूलरूप से मध्यप्रदेश के रीवा जिले का रहने वाला है और फिलहाल कुंडली के नांगल कला स्थित महादेव मार्केट में ‘परनामी कम्युनिकेशन’ नाम से मनी ट्रांसफर की दुकान चलाता है।
रविवार शाम करीब 5:30 बजे दो युवक उसकी दुकान पर आए और 1 लाख रुपए ट्रांसफर करने के चार्ज के बारे में जानकारी ली। इस दौरान काफी बातचीत उन्होंने की। इसके बाद दोनों युवक करीब 7 बजे दोबारा दुकान पर पहुंचे और पैसे ट्रांसफर करने की बात कही। कुंडली थाना से मात्र 100 मीटर की दूरी पर वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए हैं।
रीतोष के अनुसार जैसे ही उसने ट्रांजैक्शन की प्रक्रिया शुरू की, एक युवक ने अपने बैग से कट्टा निकालकर उसकी कनपटी पर लगा दिया। इसके बाद दोनों बदमाशों ने उसे जबरदस्ती उठाकर दुकान के कोने में प्लास्टिक कुर्सी पर बैठाकर उसके हाथ, पैर और मुंह को प्लास्टिक टेप से कसकर बांध दिया। बदमाशों ने पूरी वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया।
बदमाशों ने दुकान में रखी दराज को खंगालते हुए उसमें रखे 1 लाख 20 हजार रुपए नकद और करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन निकाल ली। वारदात के बाद आरोपी दुकान के बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए, ताकि पीड़ित तुरंत बाहर न निकल सके।
मामले की सूचना मिलते ही SI महेंद्र अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने रीतोष दुबे की शिकायत के आधार पर थाना कुंडली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में भय का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
