रोहतक में दोपहर के समय सेक्टर 4 एक्सटेंशन में कुछ बदमाशों ने महिलाओं के सूट पहनकर एक घर में वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। घर का मालिक मौजूद होने के कारण आरोपी दीवार कूदकर मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

सेक्टर-4 एक्सटेंशन निवासी नरेंद्र हुड्डा ने बताया कि दोपहर करीब पौने एक बजे एक गाड़ी उनके घर के सामने आकर रूकी। उसमें से 3 युवक महिलाओं के सूट पहनकर बाहर निकले, जिन्होंने अपने चेहरे चुन्नी से छुपा रखे थे। जब वह पड़ोसियों के साथ कार के ड्राइवर से पूछताछ करने गया तो पीछे से सूट पहने हुए आरोपी उसके घर में घुस गए।

नरेंद्र ने बताया कि कार ड्राइवर से पूछताछ करने के दौरान ड्राइवर और एक अन्य युवक गाड़ी में बैठे और तेजी से गाड़ी को भगा ले गए। गाड़ी का पीछा करने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। इसी बीच उसके घर में घुसे तीनों आरोपी भी आंगन की दीवार कूदकर मौके से फरार हो गए।

नरेंद्र हुड्डा ने बताया कि जब आरोपी दीवार कूदकर भाग रहे थे, उस समय एक आरोपी की जूती और चुन्नी मौके पर ही छूट गई। गनीमत रही कि आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हुए। अगर वह घर पर नहीं होते तो आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते थे।

थाना अर्बन एस्टेट के जांच अधिकारी एएसआई सुरेंद्र ने बताया कि सेक्टर-4 एक्सटेंशन में एक घर के अंदर कुछ लोगों के घुसने की शिकायत मिली थी। सूचना पाकर टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी भी खंगाल रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!