हरियाणा के कैथल में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक वैटनरी डॉक्टर को 28 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का बेखौफ अंदाज भी चर्चा का विषय बन गया। मीडिया के कैमरे सामने आए तो डॉक्टर ने चेहरा छिपाने से साफ इनकार कर दिया और आराम से फोटो खिंचवाता नजर आया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान डॉ. अंकुर के रूप में हुई है, जो कैथल के पट्टी अफगान में वैटनरी डॉक्टर के पद पर तैनात है।

डेयरी लोन के बदले मांगी रिश्वत

शिकायतकर्ता किसान ने बताया कि उसने डेयरी के लिए लोन आवेदन किया था। लोन फाइल पर डॉक्टर के हस्ताक्षर जरूरी थे। आरोप है कि डॉक्टर ने साइन करने के बदले 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। बाद में सौदा 28 हजार रुपए में तय हुआ। इसके बाद किसान ने ACB से शिकायत कर दी।

विश्वकर्मा चौक पर बिछाया जाल

गुरुवार को ACB ने शिकायतकर्ता के साथ ट्रैप लगाया। डॉक्टर उस समय विश्वकर्मा चौक के पास अपनी कार से ब्ला-ब्ला के जरिए चंडीगढ़ सवारियां लेकर जा रहा था। जैसे ही किसान ने तय रकम डॉक्टर को सौंपी, ACB टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार में बैठी तीन सवारियों को बाद में सुरक्षित बाहर भेज दिया गया।

भागने की कोशिश, फिर दिखाया रौब

ACB इंस्पेक्टर सूबे सिंह के मुताबिक, टीम को देखकर डॉक्टर ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे तुरंत पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद जब मीडिया ने तस्वीरें लीं तो डॉक्टर ने हाथ पीछे बांधकर फोटो खिंचवाई। इंस्पेक्टर ने चेहरा ढकने के लिए रुमाल दिया, लेकिन उसने इशारे से मना कर दिया और कहा कि इसकी कोई जरूरत नहीं है।

रिमांड पर होगी पूछताछ

ACB ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर ली है। अब उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने पहले भी इस तरह रिश्वत लेकर कितने लोगों की फाइलें पास की हैं और कहीं कोई बड़ा भ्रष्टाचार नेटवर्क तो नहीं जुड़ा है।

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!