हरियाणा में कोरोना संक्रमण को लेकर 4 जिलों में हालात बेहद खराब मिले हैं। इन जिलों की पिछले 10 दिनों की पॉजिटिविटी दर 5 से 10 प्रतिशत तक रिकॉर्ड की गई है। इनमें पंचकूला सबसे टॉप पर है। यहां की पॉजिटिविटी रेट 9.7% दर्ज की गई है। जबकि फरीदाबाद की 7.1, फतेहाबाद और यमुनानगर की 5.5 प्रतिशत पॉजिटिविटी दर दर्ज की गई है।

चारों जिलों में 10 दिनों के दौरान 1,000 से कम लोगों के नमूने लिए गए। परीक्षण के आए परिणामों के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिलों में दोगुने सैंपल लिए जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पॉजिटिविटी रेट 5 प्रतिशत से कम लाने के निर्देश जिले के अधिकारियों को दिए गए हैं। साथ ही पूरी तैयारियां करने के लिए भी हिदायत दी गई है।

हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी जिलों को जीनोम इंडेक्सिंग बढ़ाने, फ्लू जैसी बीमारियों की निगरानी और परीक्षण बढ़ाने को कहा गया है। साथ ही शहर के सार्वजनिक स्थानों पर कोविड-19 की रोकथाम के लिए जारी दिशा निर्देश को लागू के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को अस्पतालों में कोविड बेड और दवाओं की उपलब्धता की जांच करने के लिए भी कहा गया है।

हरियाणा सरकार ने 2020 में कोरोना रोकने के लिए जारी की गई हिदायतों को अब एक साल के लिए बढ़ा दिया है। यानी हरियाणा महामारी, रोग, कोविड-19 विनियम-2020 को अगले साल 31 मार्च तक बढ़ा दिया है। अब विदेश से आने वालों का ब्योरा दर्ज किया जाएगा। यदि कोई कोरोना पॉजिटिव मिलता है ताे उसकी सूचना सिविल सर्जन को देनी होगी। हर व्यक्ति को स्वास्थ्य मंत्रालय के आदेश का पालन करना होगा। कोरोना रोकथाम के लिए डीसी की अध्यक्षता में बनाई गई आपदा प्रबंधन समिति अब रणनीति बनाने के लिए अधिकृत रहेगी।

ये जारी हुई हिदायतें

सभी अस्पतालों में अलग से कोविड वार्ड बनाने होंगे।

अस्पताल में कोविड मरीज की यात्रा का विवरण दर्ज होगा।

उसके संपर्क में आने वाले व्यक्ति को 14 दिन होम क्वारैंटाइन किया जाएगा।

अधिकृत अस्पताल या लैब ही सैंपल लेकर जांच कर सकेंगे।

हर जिले में कोरोना संक्रमण को लेकर नोडल अधिकारी होगा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!