हरियाणा में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण से तीन लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार को प्रदेश में 3748 नए संक्रमित सामने आए। ओमिक्रॉन के 9 नए केस मिलने से अब कुल 123 केस सामने आ चुके हैं। केस बढ़ने पर प्रदेश में पॉजिटिविटी दर 8.11 प्रतिशत पहुंच गई। वहीं सरकार ने कोरोना के बढ़ रहे केसों के कारण सूरजकुंड मेला स्थगित कर दिया है।
1 जनवरी को पॉजिटिविटी दर 1.39 प्रतिशत थी। गुरुग्राम में 580 बच्चे पॉजिटिव मिले हैं। प्रदेश में 10775 कुल एक्टिव केस हैं। अब तक हुई मौतों का आंकडा 10070 पहुंच गया है। शुक्रवार को कोरोना से मरने वालों में दो अंबाला और एक यमुनानगर का है। 4 जनवरी को भी दो कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई थी। प्रदेश में तीन दिन बाद तीन मौतें हुईं हैं। वहीं जजपा सुप्रीमो अजय चौटाला भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने संक्रमित होने के बाद संपर्क में आने वाले लोगों से गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।
कोरोना केस बढ़ने पर हरियाणा सरकार ने 4 फरवरी से 20 फरवरी 2022 तक प्रस्तावित 35वें सूरजकुंड इंटरनेशनल क्राफ्ट मेला-2022 को स्थगित कर दिया है। तिथियां दोबारा तय की जाएंगी और इसकी घोषणा बाद में की जाएगी। शुक्रवार को गुरुग्राम में 1879 केस आए। इसमें से कुल 580 बच्चे कोरोना पॉजिटिव मिले। 10 साल के नीचे 170 और 11 से 18 साल के 410 बच्चे हैं। केस बढ़ने पर गुरुग्राम में 30 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं।
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि ओमिक्रॉन वैरिएंट के प्रसार की गति डेढ़ गुना है। विशेषज्ञों के अनुसार 25 जनवरी तक कोरोना के मामलों की संख्या और तेज हो सकती है। इसे देखते हुए प्रदेश में सख्ती बरती है। अब तक राज्य में 3.61 करोड़ से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है, इनमें 2.10 करोड़ से अधिक लोगों को पहली खुराक और 1.50 करोड़ से अधिक लोगों को दूसरी खुराक भी मिल चुकी है।
हरियाणा सरकार ने कोरोना और ओमिक्रॉन के बढ़ते केसों को देखते हुए जरूरी कदम उठाए हैं। सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि आने वाले दिनों में कोरोना केसों में बढ़ोतरी के कारण किसी भी स्थिति से निटपने के लिए मजबूत तैयारियां करें। खासकर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड केयर सेंटरों की स्थापना की जाए। जहां कोरोना पॉजीटिव रोगियों का उपचार किया जा सके। सभी उपायुक्तों से कहा कि वे ऑक्सीजन और आवश्यक दवाओं के स्टॉक की समीक्षा करें। भविष्य में किसी भी प्रतिकूल स्थिति के लिए ऑक्सीजन और आवश्यक दवाओं की आपूर्ति और उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए योजना तैयार करें।
PGI चंडीगढ़ में शुक्रवार को 54 डॉक्टर और 112 हेल्थ वर्कर पॉजिटिव मिले हैं। अब तक कुल 352 हेल्थ वर्कर और 157 डॉक्टर और फैकल्टी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। पॉजिटिव हेल्थ वर्कर में से 95 को कोरोना की दोनों डोज लग चुकी हैं। इन्हें हॉस्टल में आइसोलेट किया गया है। कई नेहरू अस्पताल में आइसोलेट हैं। PGI प्रबंधन ने सभी स्पोर्ट्स टूर्नामेंट रद्द कर दिए हैं। साथ ही इंडोर कोर्ट बंद कर दिए हैं। शैक्षणिक गतिविधियां ऑनलाइन कर दी हैं।
