हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के माध्यम से वॉल्वो ट्रक ड्राइवर पद के लिए आयोजित चयन प्रक्रिया पर विवाद खड़ा हो गया है। नूंह जिले से बुलाए गए युवाओं ने भर्ती में गंभीर भेदभाव का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 26 फरवरी 2026 को ड्राइविंग टेस्ट और ट्रेनिंग के लिए टैक्स मैसेज के जरिए बुलाए जाने के बावजूद उन्हें बिना कारण बताए प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया।

नूंह निवासी मुश्ताक पहलवान ने बताया कि करीब 15-16 अभ्यर्थी सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ ग्राम पथरेडी स्थित कंपनी कार्यालय पहुंचे थे। वहां उनके ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड और अन्य प्रमाण पत्र जमा कर रजिस्टर में एंट्री भी की गई।

“मेवात क्षेत्र के ड्राइवरों को नहीं लेंगे” कहकर लौटाया

अभ्यर्थियों के मुताबिक, जब वे ड्राइविंग टेस्ट की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक उन्हें यह कहकर रोक दिया गया कि मेवात क्षेत्र के ड्राइवरों को शामिल नहीं किया जाएगा। इसके बाद उनके दस्तावेज वापस कर दिए गए और बिना किसी स्पष्ट कारण के उन्हें वापस भेज दिया गया।

युवाओं का कहना है कि यदि चयन प्रक्रिया में कोई विशेष शर्त या प्रतिबंध था, तो इसकी जानकारी पहले ही देनी चाहिए थी।

यात्रा खर्च और समय बर्बाद होने से आक्रोश

अभ्यर्थियों ने बताया कि वे रोजगार की उम्मीद में विभिन्न स्थानों से आए थे। कई युवाओं ने यात्रा पर खर्च किया और अपने अन्य काम छोड़कर यहां पहुंचे थे। अचानक लिए गए फैसले से वे खुद को आहत और अपमानित महसूस कर रहे हैं।

पारदर्शी जांच और जवाब की मांग

युवाओं ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और पारदर्शी जवाब की मांग की है। उनका कहना है कि यदि किसी क्षेत्र विशेष के अभ्यर्थियों को बाहर किया गया है, तो यह गंभीर मामला है और इसकी स्पष्टता जरूरी है।

फिलहाल संबंधित कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सभी की नजरें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!