हरियाणा पुलिस कॉन्स्टेबल पेपर लीक मामले में वांछित 50 हजार रुपए के इनामी आरोपी कुलदीप ने पुलिस दबाव के बीच बुधवार को कैथल कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पूछताछ के लिए आरोपी को सीआईए-2 पुलिस ने 5 दिन के रिमांड पर ले लिया। कुलदीप हिसार के खांडाखेडी का रहने वाला है। इस मामले में कैथल पुलिस पहले ही 41 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके राजकुमार निवासी खांडाखेडी ने आंसर-की अपने भाई कुलदीप को दी थी। राजकुमार द्वारा आंसर की अपने घर पर नरेंद्र व नवीन निवासी माजरा प्याउ धर्मबीर व निहाल को दी गई थी। उसने इसके बदले एडवांस के तौर पर 20 लाख रुपए भी लिए। जिसमें से उसने 12 लाख रुपए अपने भाई राजकुमार को दे दिए, जबकि 8 लाख रुपए खुद अपने पास रख लिए थे। आरोपी राजकुमार के कब्जे से पुलिस द्वारा 11 लाख रुपए पहले ही बरामद किए जा चुके हैं।
पुलिस महनिदेशक हरियाणा पंचकूला द्वारा उक्त मामले में वांछित 2 आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना देने पर 2-2 लाख रुपए ईनाम तथा 9 आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना देने पर 50-50 हजार रुपए ईनाम घोषित किया गया था। उपरोक्त आरोपी कुलदीप की गिरफ्तारी से पूर्व कैथल पुलिस द्वारा 2-2 लाख रुपए के इनामी दोनों अपराधियों तथा 50-50 हजार रुपए के इनामी 7 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
