हरियाणा के रेवाड़ी में बुधवार दोपहर 2 बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 7 लाख रुपए लूट लिए। दिनदहाड़े पॉश इलाके में हुई इस वारदात के बाद हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार शहर की पॉश ब्रास मार्केट में महिंद्रा फाइनेंस कंपनी का ऑफिस है। बुधवार की दोपहर बाद करीब साढ़े 3 बजे बैंक का कैशियर राजस्थान के गांव मांढण निवासी आदित्य कुमार करीब 7 लाख रुपए कैश बैग में डालकर ब्रास मार्केट के पास ही नई अनाज मंडी स्थित PNB (पंजाब नेशनल बैंक) की शाखा में जमा कराने के लिए बाइक लेकर निकला था
आदित्य कुमार ने बताया कि जैसे ही वह ब्रास मार्केट के मोड पर पहुंचा, तो वहां पहले से खड़े 2 युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और कैश से भरा बैग छीनकर कुछ दूर आगे खड़ी बाइक को स्टार्ट कर फरार हो गए। जिस वक्त की वारदात बताई जा रही है, उस समय ब्रास मार्केट में काफी भीड़-भाड़ थी। लूट की इस वारदात का कोई प्रत्यक्षदर्शी भी सामने नहीं आया हैं। सूचना के बाद सीआईए व मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी भी जांच के लिए मौके पर पहुंच हैं। भीड़भाड़ के बीच 7 लाख रुपए की लूट की यह वारदात पुलिस के गले भी नहीं उतर रही हैं। हालांकि पुलिस ने चारों तरफ नाकेबंदी कर दी हैं। फिलहाल बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया है।
