हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर गुरुवार को कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कई जगह CEC के पुतले फूंके गए और नारेबाजी की गई।

फरीदाबाद में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की महिला नेत्रियों के बीच हाथापाई हो गई। बल्लभगढ़ विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुकीं पराग शर्मा और महिला कार्यकर्ता गजना लांबा व शालिनी चोपड़ा के बीच विवाद के बाद थप्पड़-मुक्के चल गए। यह घटना महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर्ल चौधरी और जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक के सामने हुई। बताया जा रहा है कि विवाद एक-दूसरे से आगे निकलने को लेकर शुरू हुआ।

वहीं करनाल में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की। विरोध जारी रहने पर पुलिस ने कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं को सड़क से उठाकर हिरासत में लिया और सिविल लाइन थाने ले गई।

पंचकूला में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह समेत कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे।

सिरसा में पूर्व मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। जिले के तीनों कांग्रेस विधायक प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए। इस पर बीरेंद्र सिंह ने कहा कि इस लड़ाई में सभी को शामिल होना चाहिए था।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!