हरियाणा में कांग्रेस ने लोकसभा उम्मीदवार की दूसरी लिस्ट जारी कर दी। गुरुग्राम सीट से बॉलीवुड अभिनेता राज बब्बर को गुरुग्राम से उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने यहां अपने सीनियर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री कैप्टन अजय यादव की दावेदारी को नकारते हुए फिल्म स्टार राज बब्बर पर भरोसा जताया है। राज बब्बर का मुकाबला बीजेपी के कैंडिडेट राव इंद्रजीत से होगा।
इससे पहले कांग्रेस ने 10 में से 8 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी थी। कुरुक्षेत्र सीट पार्टी ने इंडिया अलायंस के तहत आम आदमी पार्टी को दी है।
कांग्रेस ने पहली लिस्ट में हिसार से पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश को टिकट दी। वहीं भिवानी-महेंद्रगढ़ से पूर्व सीएम हुड्डा के करीबी राव दान सिंह को टिकट दिया गया। इसके अलावा अंबाला से वरुण चौधरी, सिरसा से कुमारी सैलजा, करनाल से दिव्यांशु बुद्धिराजा, सोनीपत से सतपाल ब्रह्मचारी, रोहतक से दीपेंद्र हुड्डा और फरीदाबाद से महेंद्रप्रताप को कैंडिडेट बनाया गया।
