हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी सोमवार की दोपहर अंबाला पहुंचे। सीएम सैनी यहां तीज के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस दौरान सीएम ने यहां लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और एक स्टॉल पर जाकर हाथ से चक्की भी चलाई।
इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल विज और हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी पहुंचे।
बता दें कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अमला देर रात तक जुटा रहा। वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया, वहीं सूचना, जनसंपर्क और भाषा विभाग के महानिदेशक मकरंद पांडुरंग सीएम के अंबाला पहुंचने से पहले ही अंबाला पहुंचे।
सोमवार को जिला अंबाला में तीज उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को और अधिक गति देने के लिए ‘लाडो सखी’ योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत गर्भवती महिलाओं की देखभाल के लिए ‘लाडो सखी’ को लगाया जाएगा।
यह ‘लाडो सखी’ आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर व ए.एन.एम. बहनें गर्भवती महिलाओं की प्रसव के दौरान देखभाल करेगी। इस योजना के तहत बेटी पैदा होने पर हर ‘लाडो सखी’ को 1 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने आंगनवाडिय़ों में ‘बढ़ते कदम डिजिटल बाल कार्यक्रम’ शुरू करने की घोषणा की। यह कार्यक्रम आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की नन्हे बच्चों की देखभाल और शिक्षा में मदद करेगा।
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि नई औद्योगिक और क्षेत्रीय नीतियों के तहत हरियाणा सरकार राज्य में महिलाओं के रोजगार को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा की महिलाओं को रोजगार देने वाली इकाइयों को अतिरिक्त सब्सिडी प्रदान करेगी। इसके अलावा, राज्य की महिला उद्यमियों की व्यापक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए सार्वजनिक खरीद मानदंडों में छूट प्रदान करेगी।

