हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला के मोरनी स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में आयोजित जनसुनवाई के दौरान बिजली निगम के XEN ललित अत्री को भरी बैठक में जमकर फटकार लगाई। मोरनी क्षेत्र के ग्रामीण कश्मीर सिंह ने 2021 से लंबित ट्रांसफार्मर की समस्या सीएम के सामने उठाई और बताया कि पिछले पांच साल से अधिकारी उन्हें परेशान कर रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद XEN से जवाब मांगा। अधिकारी ने सफाई देते हुए कहा कि ठेकेदार काम बीच में छोड़कर चला गया था और अब दूसरे ठेकेदार को काम दिया गया है। इस पर सीएम नाराज हो गए और उन्होंने सख्त लहजे में पूछा कि क्या आपको अच्छा लग रहा है कि लोग आपके पीछे-पीछे घूमते रहें। जब XEN ने एक महीने का समय मांगा तो मुख्यमंत्री का गुस्सा और बढ़ गया और उन्होंने आदेश दिया कि अगले ही दिन ट्रांसफार्मर लगवाया जाए, चाहे कहीं से भी व्यवस्था करनी पड़े। साथ ही काम अधूरा छोड़ने वाले ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने यहां तक कहा कि ट्रांसफार्मर लगने के बाद उसकी फोटो उन्हें भेजी जाए।
जनसुनवाई के दौरान अन्य मामलों में भी मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया। एक शिकायत में अधिकारियों ने पहाड़ी क्षेत्र होने का हवाला देते हुए बिजली आपूर्ति में दिक्कत बताई, जिस पर सीएम ने दो टूक कहा कि जब हिमाचल प्रदेश के हर घर में बिजली पहुंच सकती है तो यहां क्यों नहीं। उन्होंने अधिकारियों को बहाने छोड़कर समाधान निकालने के निर्देश दिए। वहीं मांधना गांव के एक बुजुर्ग ने रामगढ़ गैस एजेंसी पर सिलेंडर के बदले अतिरिक्त राशि वसूलने का आरोप लगाया। इस पर संबंधित अधिकारियों ने सफाई दी कि भुगतान ऑनलाइन होता है, लेकिन सीएम ने गांव तक डिलीवरी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्लासरा गांव में पीने के पानी की समस्या पर भी मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आधा इंच की पाइपलाइन को एक इंच करने के आदेश दिए, ताकि शोरे के कारण होने वाली ब्लॉकेज की समस्या दूर हो सके।
जनसुनवाई के बाद आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में बड़ी पहल की घोषणा की। उन्होंने बताया कि MDH के साथ प्राकृतिक मसालों की खेती को लेकर एमओयू साइन किया गया है, जिसके तहत किसान हल्दी, मिर्च और अन्य मसाला फसलों की प्राकृतिक व जैविक खेती करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसानों को इस खेती में किसी प्रकार का नुकसान होता है तो सरकार उसकी भरपाई करेगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे इस क्षेत्र में प्राकृतिक और जैविक खेती को अपनाएं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह समझौता हरियाणा के किसानों को वैश्विक कृषि व्यापार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इसके तहत तंजानिया, केन्या और अन्य अफ्रीकी देशों में कृषि एवं व्यापार की संभावनाएं विकसित की जाएंगी। भविष्य में यदि हरियाणा के एफपीओ इन देशों में भूमि लेकर अदरक, हल्दी, मिर्च जैसी फसलों की खेती करते हैं तो MDH वहां उत्पादित फसलों की खरीद के लिए भी तैयार रहेगा। इससे प्रदेश के किसानों को पहली बार देश की सीमाओं से बाहर जाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेती और कृषि कारोबार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
