हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को चंडीगढ़ में NEET UG 2026 में ऑल इंडिया रैंक (AIR)-2 हासिल करने वाले हरियाणा के होनहार छात्र पांशुल बंसल से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पांशुल की उपलब्धि पूरे हरियाणा के लिए गर्व की बात है। उनकी सफलता राज्य के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि पांशुल भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

सीएम ने कहा कि पांशुल की सफलता उनकी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली युवा देश के हेल्थकेयर सिस्टम को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

फरीदाबाद से रोज दिल्ली जाकर की तैयारी

पांशुल बंसल ने अपनी 12वीं की पढ़ाई दिल्ली के कैलाश कॉलोनी स्थित समर फील्ड स्कूल से पूरी की। इसी दौरान उन्होंने मेडिकल प्रवेश परीक्षा की कोचिंग भी दिल्ली से ही की। वह रोजाना फरीदाबाद से दिल्ली आना-जाना करते थे और नियमित रूप से अपनी पढ़ाई जारी रखते थे।

पांशुल ने बताया कि उनकी सफलता में माता-पिता का सबसे बड़ा योगदान रहा। उन्होंने कहा कि जब भी किसी टेस्ट में अपेक्षा से कम अंक आते थे, तब माता-पिता ने कभी डांटा नहीं, बल्कि उनका आत्मविश्वास बढ़ाया और आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

पढ़ाई के साथ मानसिक संतुलन भी रखा

पांशुल का मानना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान मानसिक रूप से तरोताजा रहना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद को सोशल मीडिया या दोस्तों से पूरी तरह अलग नहीं किया। खाली समय में वह यूट्यूब और एनिमेशन वीडियो देखते थे। हर तीन महीने में टेस्ट खत्म होने के बाद दोस्तों के साथ घूमने या पार्टी करने भी जाते थे।

उनका कहना है कि लगातार पढ़ाई के बीच थोड़ा ब्रेक लेना और मानसिक संतुलन बनाए रखना बेहतर प्रदर्शन में मदद करता है। यही संतुलित दिनचर्या उनकी सफलता का भी एक अहम कारण रही।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!