रोहतक की महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी के खेल मैदान में 3 अक्टूबर को खादी कारीगर महोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। अमित शाह के कार्यक्रम स्थल का सीएम नायब सिंह सैनी ने निरीक्षण किया और अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को आईएमटी में साबर डेयरी के नए संयंत्र का उद्घाटन करेंगे तथा महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी में खादी ग्रामोद्योग आयोग के स्वदेशी से स्वावलंबन के तहत खादी कारीगर महोत्सव में कारीगरों को टूल किट वितरित करेंगे। सीएम नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उनके साथ साबर डेयरी के प्रबंध निदेशक सुभाष चंद्र पटेल मौजूद रहे।
सीएम नायब सैनी ने सर्किट हाउस में 3 अक्टूबर के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी ली तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों से तैयारियों बारे भी विचार-विमर्श किया। सरकार के निर्देशानुसार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दोनों कार्यक्रमों की प्रोटोकॉल के अनुसार तैयारियां करवाई जा रही है। अमित शाह के कार्यक्रम स्थलों पर किए जा रहे विभिन्न प्रबंधों की भी समीक्षा की गई।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। अमित शाह पहले आईएमटी में साबर डेयरी जाएंगे, उसके बाद एमडीयू में पहुंचेंगे। पूरे रूट का प्लान तैयार किया गया है। साथ ही रूट डायवर्ट करने के लिए पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए गए है।
