उदयपुर में कन्हैयालाल की बेरहमी से हत्या के बाद से गमगीन परिजनों को ढाढस बंधाने के लिए गुरुवार को सीएम अशोक गहलोत उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों के दर्द पर मरहम लगाने की कोशिश की।
गहलोत पीड़ित परिवार की मदद के लिए 51 लाख रुपए का चेक लेकर पहुंचे तो कन्हैया के दोनों बेटों को सरकारी नौकरी देने का वादा किया। सीएम ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ है और हर संभव मदद की जाएगी।मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विशेष विमान से गुरुवार दोपहर करीब एक बजे उदयपुर पहुंचे। इसके बाद वह कन्हैया के परिजनों से मिलने घर पहुंचे। कन्हैया को श्रद्धांजलि दी और उनकी तस्वीर के सामने बैठकर कुछ देर तक परिजनों से बातचीत की। मुख्यमंत्री के साथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, गृह राज्य मंत्री राजेंद्र यादव, राजस्व मंत्री रामलाल जाट, CS ऊषा शर्मा , DGP मोहन लाल लाठर भी मौजूद थे।
#WATCH | Rajasthan CM Ashok Gehlot meets the family members of #KanhaiyaLal, who was killed by two men on June 28 in Udaipur pic.twitter.com/rQzra6Wqpd
— ANI MP/CG/Rajasthan (@ANI_MP_CG_RJ) June 30, 2022
नूपुर शर्मा के समर्थन में एक पोस्ट की वजह से आतंकवादी संगठनों से जुड़े दो आरोपियों ने दर्जी कन्हैयालाल की गला रेतकर हत्या कर दी थी। वहीं, हिन्दू संगठनों के सदस्यों ने नृशंस हत्या के विरोध में उदयपुर के टाउन हॉल से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली। उदयपुर में कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिये भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दो अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, एक उपमहानिरीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के दल शहर में स्थिति पर नजर बनाये हुए हैं।
