हिसार। त्योहारी सीजन में बधाई मांगने के इलाके को लेकर हिसार की नई अनाज मंडी में वीरवार दोपहर दो मंगलमुखी गुट आमने-सामने आ गए। पहले मंडी के गेट पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, फिर विवाद हाथापाई तक पहुंच गया।

मामला नई अनाज मंडी पुलिस चौकी के बाहर तक जा पहुंचा। यहां भी हंगामा जारी रहा और बाद में मंगलमुखियों ने सड़क जाम कर दी। करीब 10 मिनट तक लगे जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर जाम खुलवाया। फिलहाल शहर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शोभा नेहरू गुट की प्रधान शोभा नेहरू ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ नई अनाज मंडी में बधाई मांगने पहुंची थीं। इसी दौरान दूसरे गुट की मंगलमुखी बंटी भी अपने साथियों के साथ वहां आ गई। शोभा के अनुसार, उन्होंने बंटी के गुट का विरोध करते हुए कहा कि शहर थाना क्षेत्र में बधाई मांगने का अधिकार उनके गुट का है। आरोप है कि इसी बात पर विवाद बढ़ा और उनके साथ मारपीट की गई।

वहीं, दूसरे गुट की मंगलमुखी बंटी का कहना है कि शहर थाना क्षेत्र में बधाई मांगने का अधिकार उसका है। बंटी के अनुसार, शोभा नेहरू ही उसे अपने साथ लेकर आई थीं। इसी क्षेत्र को लेकर दोनों पक्षों के दावों के बीच विवाद बढ़ गया।

विवाद बढ़ने के बाद दोनों गुट नई अनाज मंडी पुलिस चौकी के बाहर पहुंच गए। यहां हंगामे के बाद सड़क पर जाम लगा दिया गया। करीब 10 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाया और सड़क से जाम हटवाया।

शोभा नेहरू ने यह भी दावा किया कि करीब 10 दिन पहले बंटी का हुक्का-पानी बंद कर दिया गया था। दोनों पक्षों के बीच बधाई मांगने के क्षेत्र को लेकर दावे और आरोप सामने आए हैं। नई अनाज मंडी चौकी प्रभारी सुमेर ने बताया कि दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!