हरियाणा के करनाल में पंजाबी सिंगर Diljit Dosanjh के मैनेजर गुरप्रताप कांग के फार्म हाउस पर फायरिंग का दावा सामने आया है। सोशल मीडिया पर लॉरेंस गैंग से जुड़े लोगों ने इसकी जिम्मेदारी लेते हुए दिलजीत और उनकी टीम को धमकी दी है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल फायरिंग की पुष्टि नहीं की है।

करनाल के गांव गोंदर स्थित रणजीत नगर में मंगलवार-बुधवार रात गुरप्रताप कांग के फार्म हाउस के बाहर फायरिंग की सूचना मिलने के बाद निसिंग थाना पुलिस, STF और CIA की टीमें मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों का दावा है कि हमलावरों ने 2 गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली फार्म हाउस के मेन गेट को चीरते हुए दीवार में लगी, जिससे वहां निशान और होल बन गया।

सूत्रों के अनुसार, मौके से 2 खोल भी बरामद किए गए हैं। घटना के समय गुरप्रताप कांग के माता-पिता और भाई फार्म हाउस में मौजूद थे। हालांकि थाना निसिंग के SHO कृष्ण कुमार ने कहा कि जांच के दौरान कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई और परिजनों की ओर से भी कोई शिकायत नहीं दी गई है।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस गैंग से जुड़े टायसन और आरजू के नाम से पोस्ट वायरल हुई। पोस्ट में दावा किया गया कि यह फायरिंग दिलजीत दोसांझ, उनकी मैनेजर सोनाली और गुरप्रताप कांग को “मैसेज” देने के लिए करवाई गई। पोस्ट में टीम से जुड़े एक व्यक्ति पर लड़कियों के शोषण और रेप जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पोस्ट में यह भी लिखा गया कि “हमने कोई फिरौती नहीं मांगी, सिर्फ चेतावनी दी है। अगर सुधार नहीं किया तो बड़ा नुकसान होगा।” गैंग ने दावा किया कि उनका नेटवर्क पूरी दुनिया में फैला हुआ है।

वहीं गांव के पूर्व सरपंच जोगा सिंह ने पूरी घटना को अफवाह बताया। उनका कहना है कि पुलिस ने मौके पर जांच की लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। उन्होंने कहा कि गुरप्रताप कांग फिलहाल विदेश में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!