CBSE के 10वीं बोर्ड के एग्जाम में कंपार्टमेंट आने पर करनाल में एक छात्रा ने नहर में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। छलांग लगाने से पहले उसने किनारे बैठे एक बुजुर्ग से इसकी गहराई पूछी। “गहराई बहुत ज्यादा है”… का जवाब सुनते ही वह नहर में कूद गई। इसके बाद छात्रा का शव घोघड़ीपुर के पास नहर में बहता मिला।

जानकारी के अनुसार छात्रा की पहचान 16 वर्षीय पायल निवासी शिव कॉलोनी, करनाल के रूप में हुई। पायल का मंगलवार को ही CBSE बोर्ड का 10वीं का रिजल्ट आया था। इसके बाद से ही वह लापता हो गई थी। फिलहाल, पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

प्रत्यक्षदर्शी गोताखोर कर्ण के मुताबिक मंगलवार को सफेद टीशर्ट और ब्लू कलर का लोअर पहने पायल करनाल की पश्चिमी यमुना नहर में घोघड़ीपुर के पास पहुंची। काफी देर तक नहर के आसपास टहलती रही। कभी बैठ जाती तो कभी खड़ी रहती। वह काफी परेशान लग रही थी। इसी दौरान नहर के किनारे बुजुर्ग बैठा था। तभी किशोरी ने बुजुर्ग से पूछा कि बाबा इस नहर की गहराई कितनी है, मुझे कोई सामान डालना था। बाबा ने बताया कि यह नहर बहुत ज्यादा गहरी है। इसके बाद किशोरी नहर किनारे चल पड़ी और बुजुर्ग की नजरों के सामने ही उसने नहर में छलांग लगा दी।

गोताखोर कर्ण के मुताबिक बुजुर्ग ने किशोरी को छलांग लगते देख शोर मचा दिया। शोर मचाते हुए वह भी मौके पर पहुंच गया था। उसने भी किशोरी को बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चलाया। किसी तरह बॉडी को नहर की गहराई से निकाल लिया गया। हालांकि तब तक किशोरी की मौत हो चुकी थी। पुलिस के मुताबिक लड़की के बारे उन्होंने जानकारी वॉट्सऐप ग्रुप में डाल दी थी। इसे देख बुधवार को कुछ लोग मॉर्च्युरी हाउस पहुंचे और मृतका की शिनाख्त पायल के रूप में की।

पिता बलविंद्र के मुताबिक पायल से उनकी मंगलवार दोपहर 1 बजे आखिरी बार बात हुई थी। वे घर शाम 7 बजे पहुंचे तो पायल घर नहीं मिली। हम पूरे शहर में पायल की तालाश करते रहे। सुबह हमने फोटो देखी, कि एक लड़की का शव नहर में मिला है। इसके बाद आज हम पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे।

पिता बलविंद्र के मुताबिक पायल रेलवे रोड पर स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ती थी। कल मंगलवार की सुबह करीब साढ़े 9 बजे मैं और मेरी पत्नी घर से अपने काम पर मजदूरी करने के लिए चले गए थे। इसके बाद करीब 1 बजे पायल का मेरे पास फोन आया। बताया- पापा मेरा आज रिजल्ट आया है और मेरी मैथ और साइंस में कंपार्टमेंट आई है। इस दौरान वह काफी दुखी लग रही थी। मैंने उसे समझाया भी था कि कोई बात नहीं बेटा अब अच्छे से पढ़ लेना दोबारा पास हो जाओगी। इसके बाद उन्होंने फोन काट दिया।

पिता बलविंद्र ने मीडिया में बताया कि मैंने कल बेटी को समझाया भी था कि दोबारा अच्छे से तैयारी करके एग्जाम देना, पास हो जाएगी। लेकिन उसने यह कदम उठा लिया। पायल उसकी सबसे बड़ी लड़की थी। उससे छोटे एक बेटा और बेटी है। पायल से उसकी करीब 1 बजे फोन पर बात हुई थी। इसके बाद हम दोनों शाम करीब 7 बजे घर आए तो पायल हमें घर नहीं मिली। मैंने अपनी छोटी बेटी और बेटे से पूछा तो उन्होंने कहा कि पापा हम दोपहर करीब 3 बजे सो रहे थे। जब हम 5 बजे उठे तो हमें पायल घर पर नहीं मिली। हमने आसपास भी देखा, हमने सोचा की अपनी सहेली के घर चली गई होगी लेकिन वह अब तक घर वापस नहीं आई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद पायल के शव को उसके परिवार को सौंप दिया। बेटी की मौत से परिवार में गम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!