गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में गोतस्करी का पीछा कर रही बजरंग दल की गौरक्षक टीम पर फायरिंग का मामला सामने आया है। भोंडसी इलाके में बुधवार रात करीब 2:30 बजे गोवंश से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी का पीछा कर रहे गौरक्षकों पर तस्करों ने अचानक गोलियां चला दीं। आरोप है कि पकड़े जाने के डर से तस्करों ने चलती गाड़ी से ही गोवंश को सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना चंद्रशेखर फार्म के पास की बताई जा रही है। वारदात में बजरंग दल के किसी सदस्य को गोली नहीं लगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर पड़े गोवंश को रेस्क्यू कराया। कुल 8 गोवंश को बचाया गया, जिनमें से दो गंभीर रूप से घायल हैं।
गुप्त सूचना पर शुरू किया पिकअप का पीछा
बजरंग दल के नेता चमन खटाना के अनुसार, उनकी टीम को सूचना मिली थी कि भोंडसी इलाके से एक पिकअप गाड़ी में अवैध रूप से गोवंश भरकर ले जाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम सक्रिय हो गई और संदिग्ध पिकअप का पीछा करना शुरू कर दिया।
टीम को पीछे आता देखकर पिकअप चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद सड़क पर काफी दूर तक पीछा किया गया। गौरक्षकों ने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने गाड़ी नहीं रोकी।
चंद्रशेखर फार्म के पास अचानक चलाई गोलियां
चमन खटाना ने बताया कि जब पिकअप सवारों को लगा कि गौरक्षक उनके नजदीक पहुंच गए हैं और वे पकड़े जा सकते हैं, तो उन्होंने चंद्रशेखर फार्म के पास गाड़ी की खिड़कियों से फायरिंग शुरू कर दी।
गौरक्षकों के मुताबिक, तस्करों ने लगातार गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि किसी भी कार्यकर्ता को गोली नहीं लगी। घटनास्थल से फायरिंग के खाली खोल भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
चलती पिकअप से सड़क पर फेंकने लगे गोवंश
गौरक्षक तरुण ने बताया कि आरोपियों ने पीछा कर रही गाड़ियों को रोकने के लिए खतरनाक तरीका अपनाया। वे चलती पिकअप के पीछे से गोवंश को सड़क पर फेंकने लगे, ताकि पीछा कर रहे वाहनों का संतुलन बिगड़ जाए या वे दुर्घटनाग्रस्त हो जाएं।
इसके बावजूद टीम ने पीछा जारी रखा। बाद में आरोपी मुख्य मार्ग से ग्रामीण रास्तों की तरफ भाग निकले और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
8 गोवंश का रेस्क्यू, दो गंभीर रूप से घायल
घटना के तुरंत बाद गौरक्षकों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सड़क पर पड़े कुल 8 गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाला।
चलती गाड़ी से फेंके जाने के कारण दो गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी पशुओं को इलाज और देखभाल के लिए पंडाला गोशाला तथा नगर निगम की टीम के सुपुर्द किया गया।
राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष ने सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग
राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष आशीष शर्मा ने घटना पर नाराजगी जताते हुए सरकार से गोतस्करी के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि गोतस्करी रोकने के लिए बनाए गए नए कानून को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
जान से मारने की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
मामले में पुलिस ने चमन खटाना की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से जान से मारने की कोशिश, आर्म्स एक्ट और गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए पिकअप गाड़ी के नंबर और उसमें सवार आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
