रोहतक के बालंद गांव के पास कबूलपुर रोड पर आज सुबह एक सड़क हादसे में झज्जर के एक व्यक्ति की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ट्रैक्टर से टकराने के बाद आग का गोला बन गई। व्यक्ति कार में फंस गया। हालांकि ट्रैक्टर के ड्राइवर ने उसको किसी तरह से बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कार सवार की पहचान झज्जर जिले के अकेड़ी मदनपुर गांव निवासी मोतीराम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मोतीराम अपनी कार से जा रहे थे, तभी उन्होंने आगे चल रहे एक ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान उनकी कार ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में लगी सीएनजी के कारण उसमें आग लग गई और कार धू-धू कर जलने लगी। कार में ब्लासट भी हो गया।
कार चला रहे मोती राम का सिर गाड़ी के हैंडल से टकरा गया। इससे वह बेसुध हो गया। ट्रैक्टर के ड्राइवर ने हिम्मत दिखाई। उसने आग के बीच से मोती राम को बाहर निकाला। उन्हें पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी। ट्रैक्टर चालक को भी मामूली चोटें आई हैं।
शिवाजी कॉलोनी थाने के एसएचओ राकेश कुमार ने बताया, “हमें सड़क हादसे की सूचना मिली थी। हमारी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हमने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।” उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
