रोहतक के गांव भालौठ के पास बारात से लौट रहे दो दोस्तों की कार ट्रक से टकरा गई। जिसके कारण दोनों प्रॉपर्टी डीलर दोस्तों की मौत हो गई। वारदात उस समय हुई जब दोनों दोस्त सोनीपत के खरखौदा बारात में गए हुए थे। वहां से वापस लौटते समय सामने चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिसके कारण कार की ट्रक से टक्कर हो गई।
टक्कर लगने के कारण कार ट्रक में फंस गई। परिजनों के अनुसार ट्रक चालक करीब एक-डेढ़ किलोमीटर तक कार को घसीटता हुआ ले गया। जिसके कारण कार चालक दोनों दोस्तों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव भालौठ निवासी करीब 32 वर्षीय दिनेश फौगाट व करीब 27 वर्षीय अमन फौगाट के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि दिनेश व अमन दोनों प्रॉपर्टी डीलर का काम करते थे और दोस्त हैं। उनके दोस्त की शादी थी। इसलिए वे रात को कार में सवार होकर बारात में खरखौदा गए थे। अल सुबह दोनों कार में सवार होकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान जब वे गांव के पास पहुंचे तो ट्रक से कार की टक्कर हो गई। जिसमें कार क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों दोस्तों की मौत हो गई।
मृतक अमन के चाचा विपिन ने बताया कि उसके भाई विजय फौगाट को दो बच्चे एक बेटा व एक बेटी है। अमन अपने मां-बाप का इकलौता बेटा है। घर में दोनों भाई-बहन की शादी की तैयारी चल रही थी। दोनों की एक साथ ही नवंबर माह में शादी करनी थी। लेकिन अब भाई की हादसे में मौत होने से परिवार की खुशियां मातम में बदल गई।
परिजनों ने बताया कि मृतक दिनेश प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। उसको एक बेटा है। वहीं उसकी पत्नी करीब 7 माह की गर्भवती है। उसके घर में भी दो माह बाद खुशियां आनी थी, लेकिन हादसे ने उन खुशियों को भी फीका कर दिया। दोनों परिवार ही नहीं हादसे के बाद गांव में मातम छाया हुआ है।
