हरियाणा के यात्रियों को राजस्थान का सफर करने के लिए अब अपनी जेबें ज्यादा ढीली करनी पड़ रही हैं। इसकी वजह है कि राजस्थान परिवहन निगम की ओर से किराए में 10% से ज्यादा की बढ़ोतरी की गई है। यह सभी प्रमुख बस कैटेगरी जैसे साधारण, एक्सप्रेस, सेमी डीलक्स, डीलक्स, AC और सुपर लग्जरी बसों में प्रति किलोमीटर की दर से लागू की गई है।

ऐसा होने के बाद रोजाना प्रदेश से राजस्थान जाने वाले हजारों लोगों पर इसका असर पड़ रहा है। उन्हें राजस्थान के विभिन्न शहरों में जाने के लिए 10 से लेकर 40 रुपए तक ज्यादा खर्च करने पड़ रहे हैं। खास बात ये है कि हरियाणा रोडवेज ने किराया नहीं बढ़ाया है, लेकिन जैसे राजस्थान की सीमा में प्रवेश करेंगे तो किराया राजस्थान की बढ़ी हुई दरों के हिसाब से ही देना होगा।

बता दें कि हरियाणा का सबसे बड़ा बॉर्डर राजस्थान से लगता है। प्रदेश के महेंद्रगढ़ जिले की 3 ओर की सीमाएं राजस्थान से टच हैं। इसके अलावा भिवानी, हिसार, सिरसा, रेवाड़ी, नूंह, पलवल और गुरुग्राम की सीमा भी राजस्थान से लगती है। इसलिए रोजाना हजारों की संख्या में लोग राजस्थान की ओर सफर करते हैं, जिनमें जयपुर और कोटा जाने वाले लोगों की संख्या सबसे ज्यादा होती है।

इंटक यूनियन के जिला प्रधान हंसराज यादव का कहना है कि पहले किराया राउंड फिगर में होता था, लेकिन अब राजस्थान सरकार ने किराए में बढ़ोतरी कर दी है। इस बढ़ोतरी के बाद हरियाणा रोडवेज बस के परिचालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पहले नारनौल से कोटपूतली का किराया 60 रुपए होता है, लेकिन अब 61 रुपए हो गया है। नौ रुपए देने में परिचालकों को परेशानी हो रही है।

इस बारे में नारनौल बस स्टैंड के सीआई ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि राजस्थान परिवहन निगम की ओर से किराया बढ़ाए जाने के बाद यह बदलाव लागू करना जरूरी था। मगर, परिचालकों को अब छुट्टे पैसे को लेकर परेशानी आ रही है। इसे लेकर समाधान निकालने पर विचार चल रहा है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!