कुरुक्षेत्र के अढ़ोनी गांव में शिव मंदिर के पुजारी योगीराज गिरी पर हुए हमले के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार सुबह भारी पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची और मुख्य आरोपी पंकज के मकान पर बुलडोजर चलाकर सरकारी रास्ते में बने हिस्से को तोड़ दिया। इसके बाद टीम ने दरगाह पर भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।

प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई पहले से चिन्हित सरकारी जमीन और रास्तों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के अभियान के तहत की जा रही है।

9 जुलाई को पुजारी पर हुआ था हमला

9 जुलाई की सुबह शिव मंदिर के 74 वर्षीय पुजारी योगीराज गिरी पर हमला हुआ था। आरोप है कि दरगाह के सेवादार पंकज ने पहले उनके साथ मारपीट की और फिर गले में मफलर डालकर सड़क पर घसीटा। हमले में पुजारी की टांग टूट गई और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उनका इलाज अभी एलएनजेपी अस्पताल में चल रहा है।

दरगाह और आरोपी का मकान सरकारी रास्ते में

गांव के सरपंच परमजीत सिंह के मुताबिक, पंचायत ने वर्ष 2023 में गांव के रास्तों पर हुए अवैध कब्जों की शिकायत प्रशासन से की थी। निशानदेही में सामने आया कि दरगाह का करीब 3.4 फीट हिस्सा सरकारी रास्ते पर बना हुआ है। वहीं, मुख्य आरोपी पंकज के मकान का लगभग 7 फीट का कॉर्नर भी सरकारी भूमि में आ रहा है।

प्रशासन ने साफ किया है कि सिर्फ इन दो जगहों पर ही नहीं, बल्कि गांव में सरकारी जमीन पर बने अन्य अवैध कब्जों को भी हटाया जाएगा।

गांव में तनाव, बुधवार को जुटेगा साधु समाज

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। साधु समाज ने बुधवार को अढ़ोनी गांव में बैठक बुलाने की घोषणा की थी और दरगाह हटाने की मांग भी उठाई थी। सोमवार की कार्रवाई के बाद अब सभी की नजर साधु समाज के अगले फैसले पर है।

पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में घायल हुआ आरोपी

मुख्य आरोपी पंकज पुलिस रिमांड पर है। शनिवार रात उसे सह-आरोपी इंद्र की तलाश में ले जाया गया था। लौटते समय उसने पुल के पास बाथरूम जाने का बहाना बनाकर पुलिस वाहन रुकवाया और नीचे छलांग लगा दी। इस दौरान उसकी टांग टूट गई। उसका इलाज एलएनजेपी अस्पताल में कराया जा रहा है।

रविवार को पुलिस उसे निशानदेही के लिए लेकर गई, जहां वह प्लास्टर लगी टांग के साथ सड़क पर घिसटता नजर आया। पुलिस तीसरे आरोपी इंद्र को भी गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि आरोपी की पत्नी मनप्रीत कौर को अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!