रोहतक में मामूली विवाद चलते दो भाइयों पर उबलती चाय फेंकने का मामला सामने आया है जिस वजह से दोनों भाई बुरी तरह से झुलस गए हैं। उनका आरोप है कि उन दोनों की पिटाई भी की गई है। दरअसल विवाद चाय मांगने पर हुआ था। दोनों भाइयों को इलाज के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती करवाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के जिला अलीगढ़ के गांव आदमपुर निवासी सन्नी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह करीब 1 महीने से रोहतक में आया हुआ है। यहां प्लांट में मीठियां बनाने का काम करता है। जहां काफी कारीगर काम करते हैं और सभी की इकट्ठी चाय बनती है। 12 जनवरी की शाम करीब साढ़े 4 बजे जब उसने चाय बनाने वाले सोनू से चाय मांगी तो उनके उस्ताद सुरजन ने चाय देने से मना कर दिया और कहा कि यहां से चले जाएं।
सन्नी ने बताया कि इस दौरान उसका भाई नगीन भी उसके पास ही खड़ा था। वहीं सोनू ने धमकी दी कि यहां से चले जाओ नहीं तो चाय में डूबो देंगे। इसके बाद उन्होंने धमकाना आरंभ कर दिया और सोनू ने चाय के पतीले से उबलती हुई चाय उनके ऊपर फेंक दी। उबलती हुई चाय सन्नी व उसके भाई के ऊपर गिर गई। इसके कारण वे कई जगह से जल गए।
वहीं अन्य आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद कुछ लोगों ने उन्हें छुड़वाया और इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। इधर, पुलिस ने 5 लोगों सोनू, सुरजन, टिंकु, जतिन व विक्की के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
