करनाल जिले में मूनक हेड की हांसी ब्रांच नहर में छोटे भाई को बचाने के लिए नहर में कूदे डिप्टी बैंक मैनेजर का शव आज रोहतक के पास बरामद हुआ है। मृतक के पिता ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने खुलासा किया है कि छोटे बेटे मुकुल का नहर किनारे गीली मिट्टी के कारण पैर फिसला था और पैर फिसलने के बाद वह नहर में गिर गया और उसको बचाने के लिए बड़े बेटे विशाल ने भी नहर में छलांग लगा दी थी।
उसने छोटे भाई को नहर में पकड़ लिया था और दोनों नहर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन किसी को भी तैरना नहीं आता था और वे दोनों डूब गए। आज सुबह करीब 10 बजे विशाल का शव रोहतक में खरैंटी से बैंसी नहर पुल के पास बरामद हुआ। लाखन माजरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीजीआई रोहतक भेज दिया है।
परिजन भी पीजीआई के लिए निकल गए है, लेकिन दूसरे बेटे का अभी तक कुछ भी सुराग नहीं लग पाया है। गोताखोरों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
1 जून को मूनक हेड की हांसी ब्रांच नहर में फिसलकर गिरे अपने 23 वर्षीय छोटे भाई मुकुल को बचाने के लिए 26 वर्षीय बड़े भाई विशाल ने नहर में छलांग लगा दी थी और दोनों ही नहर में बह गए थे। दोनों करनाल के मंगलपुर गांव के रहने वाले थे। विशाल बैंक में डिप्टी मैनेजर था और मुकुल एसी मैकेनिक था। वह एक जून को मूनक गांव में एसी ठीक करने के लिए गया था और उसके बाद बाल पबाना गांव में एसी लगाने के लिए गया।
वहां से वह सीधा नहर पर पहुंच गया और अपने पिता रामनिवास का कॉल किया और कहा कि वे उसकी आवाज आखिरी बार सुन रहे है, अब मैं किसी से बात नहीं करूंगा। घबराए पिता ने तुरंत अपने बेटे विशाल को कॉल किया था। विशाल उस वक्त करनाल था और वहां से अपने कुछ साथियों के साथ नहर पर पहुंच गया था। साथ ही रामनिवास ने अपने भाई सोमपाल को भी कॉल कर दिया था
मुनक थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि पिता रामनिवास की शिकायत पर दोनों भाइयों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना रविवार रात की है, लेकिन अब तक किसी का कोई पता नहीं चला। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फिलहाल युवकों का कोई सुराग नहीं लगा है।

मृतक के पिता रामनिवास ने बताया कि विशाल का शव रोहतक में नहर पर मिला है, जो मूनक से करीब 161 किलोमीटर दूर पड़ता है। विशाल के शरीर पर सिर्फ अंडरवियर ही मिली है। जबकि जब उसने नहर में छलांग लगाई थी, तो उसने लोअर व टी शर्ट डाली हुई थी। विशाल का पता चल चुका है, लेकिन दूसरे बेटे की तलाश अभी भी जारी है। गोताखोरों की टीम तलाश करने में जुटी हुई है।


