हरियाणा के करनाल में मंगलवार को एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक का शव नन्हेड़ा गांव के पास खेतों में पड़ा मिला। शव की हालत देखकर इलाके में सनसनी फैल गई, क्योंकि मृतक के चेहरे पर तेजाब डाला गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए इंद्री के सरकारी अस्पताल भिजवा दिया।

मृतक की पहचान चुरनी जागीर निवासी 22 वर्षीय बॉबी के रूप में हुई है। परिवार का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या की गई है।

घर से बुलाकर ले गए थे युवक

मृतक के परिजन प्रिंस ने बताया कि 25 मई की सुबह संगोहा गांव के कुछ युवक बॉबी को घर से बुलाकर ले गए थे। बॉबी ने परिवार से कहा था कि वह थोड़ी देर में वापस लौट आएगा, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।

मंगलवार को पुलिस ने परिवार को सूचना दी कि नन्हेड़ा गांव के पास खेतों में एक युवक का शव मिला है। मौके पर पहुंचने पर परिवार ने शव की पहचान बॉबी के रूप में की।

चेहरे पर डाला तेजाब, शव खेतों में फेंका

परिजनों के अनुसार बॉबी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी और पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे पर तेजाब डाला गया। हत्या के बाद शव को खेतों में फेंक दिया गया।

डेढ़ साल से चल रही थी रंजिश

परिवार का कहना है कि बॉबी की संगोहा गांव के कुछ युवकों के साथ करीब डेढ़ साल से रंजिश चल रही थी। पहले भी उस पर तीन बार हमला हो चुका था, लेकिन हर बार वह बच गया था।

परिजनों ने आरोप लगाया कि पहले हुए झगड़े को लेकर कोर्ट केस भी चला था। हालांकि आरोपी बरी हो गए थे, लेकिन इसके बाद भी वे लगातार धमकियां दे रहे थे। परिवार का दावा है कि आरोपियों ने पहले ही बॉबी को जान से मारने की धमकी दी थी।

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!