हरियाणा में 9 नगर निगमों के मेयर पद के लिए BJP की लिस्ट वायरल हो गई। जिनमें हिसार, पानीपत, गुरुग्राम और रोहतक के मेयर उम्मीदवारों के भी नाम हैं। पार्टी के नेताओं ने ही यह लिस्ट शेयर की। यह लिस्ट प्रदेश अध्यक्ष मोहन बड़ौली के हवाले से जारी होने की बात कही गई। इसमें किसी के न तो साइन हैं और न ही पार्टी की मुहर लगी है।
कुछ ही देर में भाजपा नेताओं ने खुद ही इसे सोशल मीडिया से डिलीट कर दिया। उन्होंने कहा कि जल्द नई लिस्ट जारी की जाएगी। हालांकि इससे पहले ही हिसार में भाजपा वर्करों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया।उम्मीदवारों की वायरल लिस्ट के मुताबिक हिसार से भाजपा ने प्रवीन पोपली को टिकट दिया है। पानीपत में कोमल सैनी, अंबाला में सैलजा सचदेवा और रोहतक में रामअवतार वाल्मीकि को उम्मीदवार बनाया गया है।
सोनीपत में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के मीडिया सलाहकार रहे राजीव जैन को टिकट दिया गया है। राजीव जैन पूर्व मंत्री कविता जैन के पति हैं, जिनका पिछले विधानसभा चुनाव में टिकट काट दिया गया था। भाजपा ने वहां के मेयर निखिल मदान को कांग्रेस छोड़कर आने के बाद विधानसभा का टिकट दिया था।वहीं करनाल में रेणु बाला गुप्ता को पार्टी ने दोबारा उम्मीदवार बनाया है। वह पिछली बार भी मेयर का चुनाव जीतीं थी। इसके अलावा गुरुग्राम से भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी को उम्मीदवार बताया गया है। हालांकि मानेसर नगर निगम के मेयर का नाम इस लिस्ट में नहीं है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने कहा- ‘पार्टी की ओर से जारी सूची का पता लगाया जा रहा है कि कहां से जारी हुई है। अभी सूची को सही न मानें। थोड़ी देर में सब चीजें क्लियर कर दोबारा से सूची जारी की जाएगी।’वहीं हिसार से भाजपा के जिला अध्यक्ष अशोक सैनी ने कहा कि पोपली ही उम्मीदवार रहेंगे। लिस्ट में कोई बदलाव नहीं होगा।
हरियाणा भाजपा के IT सेल के प्रमुख अरुण यादव की तरफ से वॉट्सऐप पर मेयर उम्मीदवारों की लिस्ट डाली गई थी। हालांकि बाद में उन्होंने इस मैसेज को डिलीट कर दिया। उन्होंने लिखा- जल्द ही दोबारा लिस्ट डाली जाएगी। हिसार भाजपा कार्यालय में सूची जारी होने के बाद जश्न का माहौल था। भाजपा कार्यालय में ढोल बजाकर मेयर उम्मीदवार प्रवीण पोपली का स्वागत किया गया। इसके बाद कहा गया कि मेयर उम्मीदवार प्रेस कान्फ्रेंस करेंगे। इसी बीच जिलाध्यक्ष को सूचना मिली की जो सूची जारी हुई है, वह ओरिजिनल सूची नहीं है। इस पर किसी के हस्ताक्षर नहीं है। इसके बाद प्रवीण पोपली के चेहरे पर हल्की मायूसी नजर आई और वह भाजपा कार्यालय से निकल गए।
वहीं मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा के हिसार से जिलाध्यक्ष अशोक सैनी ने कहा कि भाजपा ने जो सूची जारी की थी उस पर प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली के हस्ताक्षर नहीं थे। प्रदेश संगठन ने वह लिस्ट वापस ले ली है। जल्द ही दूसरी सूची जारी होगी। हिसार से सूची में प्रवीण पोपली का मेयर उम्मीदवार के तौर पर नाम आया है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने सोच समझकर पोपली को टिकट दिया है। इसमें किसी तरह का बदलाव होने वाला नहीं है। वहीं भाजपा के हिसार से मेयर प्रत्याशी होंगे।
भाजपा कैंडिडेट्स की वायरल लिस्ट…

BJP ने निकाय चुनावों को लेकर नई दिल्ली में बैठकें कर उम्मीदवारों का पैनल बनाकर संभावित लिस्ट तैयार की हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका और फ्रांस के दौरे पर थे। अब मोदी इन दौरों से फ्री हो गए हैं। यही चर्चा है कि PM से चर्चा के बाद लिस्ट जारी होनी है। भाजपा ने मेयर चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर काफी मंथन किया। मेयर के लिए चुनाव लड़ने वालों की संख्या अधिक है।
भाजपा सूची जारी करने के बाद मंत्रियों की मेयर उम्मीदवारों के नामांकन भरने के दौरान ड्यूटी लगाएगी। किस निगम चुनाव में कौन सा मंत्री जाएगा नाम तय किया जा रहा है। इसके अलावा प्रचार कमेटी भी बनाई जा रही है। इसमें तमाम मंत्रियों से लेकर पूर्व सांसद, मौजूदा सांसद, पूर्व मंत्रियों तक के नाम शामिल किए गए हैं। नामांकन कार्यक्रम को भव्य बनाने का प्रयास भाजपा ही नहीं कांग्रेस भी कर रही है। कांग्रेस नामांकन वाले दिन शक्ति प्रदर्शन करेगी।
