हरियाणा के हिसार जिले की नलवा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रणधीर पनिहार सोमवार को सोनीपत स्थित सतलोक आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने आश्रम प्रमुख रामपाल से मुलाकात की। करीब चार मिनट चली इस मुलाकात में विधायक ने रामपाल की जमकर प्रशंसा की और नामदीक्षा लेने की इच्छा भी जताई। हालांकि रामपाल ने उन्हें तुरंत नामदीक्षा देने से इनकार करते हुए पहले ज्ञान और आश्रम के नियम समझने की सलाह दी।

मुलाकात के दौरान रणधीर पनिहार ने कहा कि वह पहले भी आश्रम आ चुके हैं और मानसिक रूप से भी हमेशा रामपाल से जुड़े रहे हैं। उन्होंने बाढ़ के दौरान नलवा क्षेत्र में आश्रम और उसके अनुयायियों द्वारा किए गए राहत कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जब-जब उन्होंने मन से प्रार्थना की, उन्हें सहयोग मिला।

इस दौरान विधायक ने कहा कि वह रामपाल का नाम लेते हैं और उनके अनुयायियों से सीखते हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों का विश्वास रामपाल में है और वह भी आगे उनसे जुड़े रहना चाहते हैं।

विधायक की बातें सुनने के बाद रामपाल ने कहा कि केवल नाम लेने से बात नहीं बनती। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे किसी स्कूल में प्रवेश लेने के लिए पहले नाम दर्ज करवाना पड़ता है, उसी प्रकार आध्यात्मिक मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए भी नियम और प्रक्रिया को समझना जरूरी है।

जब रणधीर पनिहार ने कहा कि उनका नाम आज से ही लिख लिया जाए, तो रामपाल ने जवाब दिया कि पहले ज्ञान समझना होगा और आश्रम की शर्तों को जानना होगा, उसके बाद ही नामदीक्षा की प्रक्रिया पूरी होगी। विधायक ने समय देने का अनुरोध किया, जिस पर रामपाल ने कहा कि यह कार्य आश्रम के सहयोगी देखते हैं।

बाढ़ राहत कार्यों के बाद बढ़ी थी चर्चा

दरअसल, पिछले वर्ष मानसून के दौरान हिसार जिले के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए थे। उस समय सतलोक आश्रम के अनुयायियों ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य चलाए थे। गांवों में पानी निकालने के लिए पाइप और मोटरें उपलब्ध कराई गई थीं। इन कार्यों की स्थानीय स्तर पर काफी चर्चा हुई थी।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नलवा क्षेत्र में आश्रम और उसके अनुयायियों की सक्रियता के चलते विधायक की यह मुलाकात चर्चा का विषय बन गई है। हालांकि रणधीर पनिहार ने मुलाकात को आशीर्वाद और आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त करने का प्रयास बताया।

फिलहाल दोनों के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें रामपाल बार-बार भक्ति और नामदीक्षा की प्रक्रिया का उल्लेख करते नजर आ रहे हैं।हेडलाइन:
रामपाल से नामदीक्षा लेने पहुंचे BJP विधायक, संत बोले- पहले ज्ञान समझो फिर मिलेगा प्रवेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!