रोहतक में हरियाणा के हायर एजुकेशन मंत्री मूलचंद शर्मा व सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान द्वारा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ पर दिए गए बयान पर मंगलवार को पलटवार किया। दोनों ने बयान की निंदा की और कहा कि किसी भी नेता को गरिमा नहीं लांघनी चाहिए।
साथ ही यह कहा कि इस तरह की बयानबाजी उनकी मानसिकता को दर्शाता है। मंत्री मूलचंद शर्मा व सांसद डॉ. अरविंद शर्मा दोनों एमडीयू में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष पर उन्होंने निशाना साधा। कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान के बयान पर राजनीति शुरू हो गई है। भाजपा के नेता कांग्रेस को घेरने का प्रयास कर रहे हैं।
मंत्री मूलचंद शर्मा व सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि उपराष्ट्रपति एक गरिमामय पद है। हम सबको उसकी गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। उपराष्ट्रपति एक सुलझे हुए और सभ्य इंसान है। हमें समझ नहीं आ रहा कि उन्होंने किस सोच के तहत यह बयान दिया है। हालांकि उदयभान कई बार के विधायक और शिक्षित व्यक्ति हैं, लेकिन उन्होंने इस तरह का बयान देकर अपनी सोच का परिचय दिया है।
पहले भी वे कई बार इस तरह के उल्टे-सीधे बयान दे चुके हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने इस बयान पर माफी मांगनी चाहिए, तो उनका कहना था यह तो उन्हीं के ऊपर निर्भर है। इस बयान की निंदा करनी चाहिए। मूलचंद शर्मा ने कहा कि इस तरह का बयान देना किसी भी व्यक्ति के लिए ठीक नहीं हैं।
