सोनाली फोगाट हत्याकांड में अब गोवा पुलिस ने दावा किया है कि हत्याकांड में गिरफ्तार सुधीर सांगवान सोनाली फोगाट का सिर्फ PA ही नहीं था, बल्कि लिव इन रिलेशनशिप में उनके साथ रह रहा था। वह दोनों एक दूसरे को पसंद करते थे।
गोवा में सोनाली की हत्या के बाद से सुधीर सांगवान 10 दिन से पुलिस रिमांड पर है। पुलिस पूछताछ में सुधीर ने स्वयं कबूला है कि वह सोनाली के साथ लिव इन में रह रहा था। पुलिस अब इस बात की पुष्टि करने के लिए छानबीन में जुटी है।
गोवा के अंजुना थाना के प्रभारी प्रशाल देसाई ने बताया कि सुधीर ने लिव इन में रहने की बात कही है। सुधीर के इस दावे के बाद मामले की परतें लगातार खुल रही हैं। फिलहाल गोवा पुलिस की 2 सदस्यीय टीम हरियाणा गई हुई है, ताकि हत्याकांड से जुड़े अहम साक्ष्य जुटाए जा सकें।
इस बीच बॉलीवुड सेलिब्रिटी राखी सावंत ने भी सोनाली फोगाट के साथ बिग बॉस में बिताए समय को याद किया। राखी ने कहा, ‘बिग बॉस में सोनाली के साथ अच्छा वक्त गुजरा। सोनाली की बेटी उसकी जान थी। वह अपने PA को भी पसंद करती थी मगर मुझे पहले दिन से उसका PA सही नहीं लगता था। उस टकले सुधीर सांगवान ने मासूम बच्ची को अनाथ कर दिया।’
राखी ने दावा किया, ‘सोनाली को कोई हार्ट अटैक नहीं आया। उसे मारा गया। मुझे पहले दिन से उस टकलू (सुधीर सांगवान) पर शक था। मैं 10 बार उससे मिल चुकी हूं। मैं उसे जितनी बार देखती, उतनी बार मुझे गुस्सा आता। मैं सोनाली से पूछती थी कि ये कौन है तो जवाब देती थी कि मेरा PA है और हम एक-दूसरे को पसंद करते हैं। शक्ल से ही मुझे वह क्रिमिनल लगता था और मेरा वही शक सच हो गया।’
राखी ने हरियाणा और गोवा की भाजपा सरकार से रिक्वेस्ट की कि उन लोगों के खिलाफ एक्शन लिया जाए जिन्होंने सोनाली का मर्डर किया है।
