हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में बाबा माखन शाह लबाना और बाबा लक्खी शाह बंजारा की जयंती पर ऐसा अनूठा संगम पहली बार हुआ है। जहां कुरुक्षेत्र की पावन धरती पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कहा कि गुरु तेग बहादुर जी को समाज में एक ख्याति प्राप्त कराने के लिए बहुत सारे समाजों की अहम भूमिका रही है।
सीएम मनोहर लाल ने घोषणा करते हुए कहा कि बाबा बंदा सिंह बहादुर के लिए भी बाबा माखन शाह लबाना और बाबा लक्खी शाह बंजारा सेना में सहयोग दिया। बाबा बंदा सिंह बहादुर की राजधानी लोहगढ़ को हरियाणा सरकार स्मारक बनाएगी। कहा कि ज्यादातर हिस्सा हरियाणा में है और कुछ हिमाचल प्रदेश में,लेकिन सरकार अब उसे स्मारक के रूप में तैयार करेगी, जिसमें बाबा लक्खी शाह बंजारा की प्रतिमा भी लगाई जाएगी।
यह कुरुक्षेत्र की पवित्र भूमि है, जहां सिखों के 10 में से 8 गुरुओं का यहां आगमन हुआ है और भगवान श्री कृष्ण ने भी अर्जुन को गीता का उपदेश देते हुए जीवन का सार बताया। वे अनाज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
सीएम ने बाबा माखन शाह लबाना और बाबा लक्खी शाह बंजारा की जीवनी बताते हुए लोगों को उनकी कहानी जानने का आह्वान किया। कहा कि दोनों का बड़े घर से नाता था। व्यापारी होते हुए भी उनका गुरुओं के प्रति बहुत बड़ा आदर था। वे गुरुनानक देव जी के अनुयायी थे। बताया कि दिल्ली के आसपास लगते 7 हजार एकड़ जमीन में बाबा लक्खी शाह बंजारा ने 4 बड़े गांव बसाए थे।
सीएम ने समुद्र में जहाज टकराने की घटना, गुरु हरकृष्ण की भविष्यवाणी, गुरु हरगोबिंद के पुत्र एकांतवासी तेग बहादुर से मुलाकात और वर्ष 1675 में गुरु तेग बहादुर साहिब को दिल्ली में औरंगजेब के आदेशों पर शहादत का भी जिक्र किया।
कार्यक्रम में बंजारा समाज के प्रदेशाध्यक्ष किशोरी लाल व लबाना के वरिष्ठ उप प्रधान हरजीत सिंह ने समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने समेत कई मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। कहा कि बंजारा और लबाना समाज में कुछ बरादरी एससी में हैं और कुछ बीसी में। इस बारे में केंद्र सरकार से पत्राचार किया गया है। कुछ जातियों की मंजूरी मिल गई है कुछ को मिलनी बाकी है।
सीएम ने कहा कि भाईयो आगे बढ़ना सीखों, पीछे नहीं। उन्होंने कहा कि सभी को गरीबी के आधार पर लाभ मिलेगा।कहा कि समाज के 27 हजार परिवार में से 1700 परिवार की आय 5 लाख से अधिक है। ऐसे साधन संपन्न परिवारों को गरीब परिवारों का सहयोग करना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने समाज की अन्य मांगों पर भी सहमति जताई है।
उन्होंने बताया कि शहर में चौक, मूर्ति लगाने और कुरुक्षेत्र में धर्मशाला बनाने संबंधित जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में करीब 2 हजार कॉलोनियों का सर्वे करके वैध घोषित किया जाएगा।
इस अवसर पर सांसद नायब सैनी, खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह, थानेसर विधायक सुभाष सुधा, पूर्व मंत्री कर्ण देव कंबोज, पूर्व विधायक लाडवा डॉ. पवन सैनी, पूर्व राज्यमंत्री कृष्ण बेदी, इंद्री विधायक रामकुमार कश्यप, घरौंडा विधायक, जिला प्रशासनिक अधिकारी, प्रदेशभर से पहुंचे समाज के लोग व अन्य उपस्थित रहे।
