रोहतक के गांव गिरावड़ निवासी परमजीत ने पुलिस को बताया है कि वह रविवार देर रात अपनी स्कॉर्पियो कार से सोनीपत की ओर जा रहा था कि रास्ते में सोनीपत रोड पर पीछे से आई एक फिएस्टा व होंडा सिविक कार के चालकों ने उनकी कार के आगे व पीछे अपनी कार लगा तेजी से ब्रेक लगा दिए। जिसके चलते उन्हें भी ब्रेक लगाने पड़े और उनकी स्कॉर्पियो कार पलटने से बाल-बाल बची। कार रुकते ही दोनों कारों से उतरे एक दर्जन से ज्यादा युवकों ने उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी। उनकी कार छीनने का प्रयास किया और धमकी दी। इस बीच अन्य वाहन सवारों को उस ओर आता देख आरोपी धमकी देते हुए वहां से भाग गए।
शिकायतकर्ता परमजीत ने बताया है कि उन्हें अभी तक पता नहीं कि कार सवारों ने उनके साथ यह व्यवहार क्यों किया। वह कार लूटना चाहते थे या उनका कोई और इरादा था, इसका पता लगाया जाना चाहिए। पीड़ित युवक ने आरोपी युवकों के खिलाफ थाना आईएमटी में केस दर्ज करायाहै। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है व आरोपियों से खुद को खतरा बताया है। मामले में थाना आईएमटी पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही वह गिरफ्त में होंगे।
