रोहतक की जनता कॉलोनी में एक व्यक्ति को उधार मांगना महंगा पड़ गया। दो साल पहले दिया कर्ज वापस देने के लिए कहा तो कर्जदार ने घर में घुसकर हमला कर दिया। बीच-बचाव के लिए आए उसके भाई को चाकू लग गया। वहीं आरोपियों ने मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी। जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जनता कॉलोनी निवासी सर्वेश ने बताया कि उसने इलेक्ट्रॉनिक्स का शोरूम कर रखा है। उन्होंने सुमित को वर्ष 2020 में 4 लाख रुपए दिए थे। करीब 2 साल बीतने के बाद भी उसके पैसे वापस नहीं दिए। जिस पर सर्वेश ने अपने पैसे वापस मांगे तो कर्जदार ने पैसे देने की बजाय जानलेवा हमला कर दिया।
सर्वेश ने बताया कि बीती रात को वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान आरोपी सुमित अपने दो साथियों के साथ उनके घर आ गया। आरोपी युवकों ने रात को जब दरवाजा खटखटाया तो सर्वेश ने दरवाजा खोल दिया। दरवाजा खोलते ही आरोपी ने सीधे चाकू से हमला कर दिया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। वहीं बीच-बचाव के लिए आए उसके भाई रजत को चाकू जा लगा।
चाकू लगने के कारण रजत के हाथ की उंगलियों पर गंभीर चोटें आई। वहीं आरोपी तीनों लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। साथ ही गाली-गलौज भी किया। अंदर मौजूद माता-पिता के साथ भी हाथापाई और अभद्र व्यवहार किया। जाते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
