अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर और अर्जुन अवार्डी स्वीटी बूरा ने अपने पति, अर्जुन अवार्डी पहलवान दीपक हुड्डा के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और मारपीट की शिकायत पुलिस अधीक्षक (एसपी) को दी है। स्वीटी ने तलाक और गुजारा भत्ता के लिए अदालत में भी अर्जी दाखिल की है। दूसरी ओर, दीपक हुड्डा ने भी रोहतक पुलिस को शिकायत देकर संपत्ति हड़पने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।

स्वीटी बूरा ने अपनी शिकायत में कहा कि उनकी शादी 7 जुलाई 2022 को रोहतक निवासी दीपक हुड्डा से हुई थी। उनके माता-पिता ने शादी में एक करोड़ रुपये खर्च किए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में दीपक और उनकी बहन ने उनसे फार्च्यूनर गाड़ी की मांग की और खेल छोड़ने का दबाव बनाया।

स्वीटी ने बताया कि दीपक ने महम विधानसभा चुनाव में खड़े होने के दौरान उनसे एक करोड़ रुपये की मांग की थी। अक्टूबर 2024 में, दीपक ने कथित रूप से उनके साथ मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया। उन्होंने अदालत में तलाक और गुजारा भत्ता की अर्जी दाखिल कर 50 लाख रुपये के मुआवजे और हर महीने 1.5 लाख रुपये की मांग की है।

वहीं, दीपक हुड्डा ने रोहतक पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनका ससुर उन्हें ब्याज पर रुपये देने के बहाने ठगता रहा। उन्होंने बताया कि हिसार के सेक्टर 1-4 में खरीदा गया एक प्लॉट जालसाजी से उनके और स्वीटी के नाम पर रजिस्टर्ड करा दिया गया। दीपक ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें 25 लाख रुपये ब्याज पर देने की बात कही गई थी, लेकिन वह रकम उन्हें नहीं मिली। उन्होंने यह भी कहा कि स्वीटी बार-बार तलाक की धमकी देती थीं।

हिसार और रोहतक पुलिस ने दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण के लिए बुलाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच शुरू कर दी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!