सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद उनकी कॉल रिकॉर्डिंग वायरल होने से परिवार परेशान है। परिजनों ने अपील की है कि उनकी कॉल रिकॉर्डिंग को सोशल मीडिया पर न डालें। न ही किसी को इन्हें सुनाएं। इसके अलावा उनका कोई गाना रिलीज न करने को कहा गया है। परिवार ने मूसेवाला के सोशल मीडिया अकाउंट से ही यह अपील जारी की है। मूसेवाला की 29 मई यानी रविवार शाम साढ़े 5 बजे ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। अभी तक पुलिस उनके कातिलों का पता नहीं लगा सकी है।

मूसेवाला के सोशल मीडिया अकाउंट से यह अपील जारी की गई है। जिसमें सिद्धू मूसेवाला की कॉल रिकॉर्डिग को सार्वजनिक न करने को कहा गया है।

उन्होंने लिखा कि सिद्धू मूसेवाला जब भी किसी से बात करते थे तो उन्हें यह पता नहीं होता था कि उनकी कॉल रिकॉर्ड की जा रही है। वह पर्सनली सिर्फ आपके साथ बात करते थे। मूसेवाला के साथ बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर न डालें। उनकी बातें सिर्फ आपके लिए थी। उन्हें अपने तक ही रखो। न सोशल मीडिया पर डालो और न ही किसी को सुनाओ।

मूसेवाला के सोशल मीडिया अकाउंट से उनका कोई भी गाना रिलीज या लीक न करने को कहा गया है। इसमें कहा गया है कि सब कुछ उनके पिता को सौंप दें, वही इस पर फैसला करेंगे।

मूसेवाला के परिजनों ने यह भी अपील की है कि उनका अगर कोई गाना तैयार है तो उसे रिलीज न करें। म्यूजिक निर्माताओं को कहा गया है कि भले ही वह गाना पूरा हो या फिर 2-4 लाइन का। वह किसी को न सुनाया जाए। न ही उसे लीक किया जाए। 8 जून को मूसेवाला की आत्मिक शांति के लिए पाठ का भोग है। उसके बाद सब कुछ उनके पिता बलकौर सिंह को हैंडओवर करना है। वही इन पर आगे का फैसला लेंगे। अगर किसी ने यह डाटा लीक या रिलीज किया तो उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!