गुरुग्राम/जोधपुर। लाखों रुपये का सालाना पैकेज, बड़ी मल्टीनेशनल कंपनियों में नौकरी और शानदार करियर… लेकिन गुरुग्राम की 37 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर अक्षिता जैन ने इन सबको छोड़कर आध्यात्मिक जीवन का रास्ता चुन लिया। खास बात यह है कि उनकी 61 वर्षीय मां शिरोमणी बजाज ने भी उनके साथ सांसारिक जीवन त्यागकर जैन साध्वी बनने का निर्णय लिया है।

अक्षिता फॉक्सवैगन में करीब 50 लाख रुपये सालाना पैकेज पर ग्लोबल ऑपरेशन मैनेजर के पद पर काम कर रही थीं। वहीं, उनकी मां शिरोमणी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) में 37 साल से अधिक समय तक नौकरी करने के बाद चीफ मैनेजर के पद से रिटायर हुई थीं।

मां-बेटी दोनों पंजाबी हिंदू परिवार से संबंध रखती हैं। दीक्षा से पहले मंगलवार को जोधपुर में उनका भव्य वरघोड़ा निकाला गया, जिसमें जैन समाज के साधु-साध्वियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

मां ने IOC में 37 साल नौकरी की, चीफ मैनेजर पद से हुईं रिटायर

शिरोमणी बजाज का जन्म 18 अक्टूबर 1965 को दिल्ली के मोती नगर में हुआ था। उन्होंने बीए और लाइब्रेरी साइंस में बीलिब की पढ़ाई की।

उन्होंने 6 जनवरी 1988 को इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन में नौकरी शुरू की थी और 31 अक्टूबर 2025 को चीफ मैनेजर के पद से रिटायर हुईं। इस तरह उन्होंने कंपनी में 37 साल से अधिक समय तक सेवाएं दीं।

उनके पति सुनील बजाज का निधन हो चुका है। उनकी दो बेटियां अक्षिता और आशिमा हैं। आशिमा की शादी हो चुकी है और परिवार में चार साल की नातिन भी है।

IIM बेंगलुरु से MBA, फिएट-मर्सिडीज और फॉक्सवैगन में किया काम

37 वर्षीय अक्षिता जैन गुरुग्राम की रहने वाली हैं। उन्होंने नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल की। इसके बाद IIM बेंगलुरु से MBA किया।

अक्षिता ने 2015 से 2017 तक फिएट ऑटो में काम किया। इसके बाद 2018 से 2025 तक मर्सिडीज बेंज में सीनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में सेवाएं दीं।

वर्ष 2025 से 2026 तक वह फॉक्सवैगन में ग्लोबल ऑपरेशन मैनेजर रहीं। इस दौरान उन्होंने दुनिया के पांच अलग-अलग लोकेशन का संचालन संभाला। उनका सालाना पैकेज करीब 50 लाख रुपये था।

AI और डेटा सेंटर में सूक्ष्म जीवों को नुकसान की चिंता ने बदला नजरिया

अक्षिता ने आध्यात्मिक जीवन चुनने की वजह बताते हुए कहा कि वह उस पीढ़ी से हैं, जिसने फोन और इंटरनेट को विकसित होते देखा है।

उनके अनुसार, जब कंपनी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े काम शुरू हुए तो उन्हें महसूस हुआ कि AI और डेटा सेंटर से जुड़ी गतिविधियों में भी सूक्ष्म जीवों को नुकसान पहुंच सकता है।

उन्होंने बताया कि डेटा सेंटर बनाने के लिए बड़े स्तर पर जमीन की खुदाई करनी पड़ती है, जिससे मिट्टी में रहने वाले सूक्ष्म जीव प्रभावित हो सकते हैं। इस विचार ने उनके भीतर अहिंसा और जीवों के प्रति करुणा की भावना को मजबूत किया। धीरे-धीरे उनका झुकाव आध्यात्मिक जीवन की ओर बढ़ता गया।

मां भी लंबे समय से कर रही थीं धार्मिक तप और अनुष्ठान

शिरोमणी के अनुसार, परिवार को उनके आध्यात्मिक झुकाव के बारे में पहले से जानकारी थी। नौकरी और सांसारिक जिम्मेदारियां पूरी करने के बाद उन्होंने वैराग्य का रास्ता चुनने का निर्णय लिया।

उन्होंने धार्मिक जीवन में कई तप और अनुष्ठान किए हैं। इनमें 20 दिन का पुण्य कलश तप, 20 दिन का विमल विद्या अनुष्ठान दो बार, 84 दिन का धर्म चक्र, वर्धमान तप की 12 ओली, पांचम की तपस्या, दशम की तपस्या और पहला उपधान व्रत शामिल हैं।

मां-बेटी के इस फैसले की चर्चा जैन समाज के साथ-साथ गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों में भी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!