दिवंगत सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह आज बेटे के हत्यारों की शिनाख्त करने अमृतसर पहुंचे। वह इस समय सिविल अस्पताल की उस मॉर्चुरी में हैं, जहां उनके बेटे सिद्धू मूसेवाला के कातिलों के शवों को रखा गया है। इससे पहले वह घरिंडा थाने पहुंचे थे।
एनकाऊंटर के बाद पहली बार पत्रकारों से बातचीत करते हुए मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कहा कि पुलिस द्वारा गैंगस्टरों का जो एकनकाऊंटर किया है, वह काबिले तारीफ है। पुलिस ने अपना काम बहुत सही किया। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई बहुत लंबी है। 2 लोगों के मारे जाने से उनका सिद्धू पुत्र कभी वापिस नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि ये तो अभी शुरूआत है, अभी बहुत कुछ होना बाकी है।
गौरतलब है कि बुधवार को अमृतसर के भकना में पंजाब पुलिस की टीम ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने वाले दो गैंगस्टरों जगरूप सिंह रूपा और मनप्रीत सिंह मन्नू को एनकाउंटर में मार गिराया। उनके शवों को सिविल अस्पताल मॉर्चुरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम से पहले शवों का पंचनामा तैयार करने की प्रक्रिया को पूरा किया जाना था, जिसमें सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह का होना भी जरूरी था। इसलिए वे अमृतसर पहुंचे।
बता दें कि सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद पुलिस ने सिंगर के पिता बलकौर सिंह के बयानों के आधार पर ही FIR दर्ज की थी, जिसमें लिखा गया था कि बलकौर सिंह सिद्धू मूसेवाला की कार के पीछे-पीछे आ रहे थे और उनकी नजरों के सामने ही सभी शूटरों ने सिद्धू मूसेवाला पर गोलियां बरसाईं।
