महम (रोहतक)। त्योहारी सीजन में बाजारों को जाम से बचाने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए महम प्रशासन ने अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। एसडीएम विपिन कुमार के दिशा-निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान 10 वाहनों के चालान काटे गए। प्रत्येक चालान पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
सड़क पर खड़े वाहनों के काटे चालान
अभियान के दौरान आरटीओ इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों की जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। मौके पर महम पुलिस की टीम भी मौजूद रही और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।
अवैध पार्किंग से लगता है जाम: एसडीएम
एसडीएम विपिन कुमार ने कहा कि त्योहारी सीजन में बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में सड़कों पर अवैध पार्किंग होने से जाम लगता है और आमजन को परेशानी होती है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि बाजारों में जाम की स्थिति से बचा जा सके।

