हिसार। शहर के निरंकारी रोड स्थित एक फोटो स्टूडियो के चेंजिंग रूम में हिडन कैमरा मिलने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्टूडियो संचालक को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह मास कम्यूनिकेशन की छात्रा है तथा न्यूज रिपोर्टिंग से जुड़ी हुई है। करीब डेढ़ महीने पहले उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टूडियो की ओर से फोटोशूट और कोलैबोरेशन का प्रस्ताव आया था। बातचीत के बाद 18 जुलाई को फोटोशूट तय किया गया।
शनिवार दोपहर वह अपने एक दोस्त के साथ फोटोशूट के लिए स्टूडियो पहुंची। वहां स्टूडियो संचालक ने उसे कुछ ड्रेस ट्राई करने के लिए दीं। पीड़िता के अनुसार, जब वह तीसरी बार चेंजिंग रूम में कपड़े बदलने गई तो उसकी नजर दीवार में बने संदिग्ध छेदों और अंदर लगी किसी वस्तु पर पड़ी। शक होने पर उसने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर देखा, जहां दीवार के पीछे रिकॉर्डिंग डिवाइस जैसी व्यवस्था दिखाई दी।
पीड़िता ने तुरंत अपने दोस्त को चेंजिंग रूम में बुलाया। जांच करने पर दीवार अंदर से खोखली पाई गई। इसके बाद दीवार का हिस्सा हटाकर अंदर लगाए गए कैमरे बाहर निकाले गए, जो तारों के माध्यम से जुड़े हुए बताए गए हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि कैमरे मिलने के बाद स्टूडियो संचालक और उसके पिता ने कैमरे छीनने का प्रयास किया तथा उनके साथ धक्का-मुक्की और छीनाझपटी की। हालांकि दोनों कैमरों को अपने कब्जे में लेकर वहां से निकलने में सफल रहे। इसके बाद उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल कर घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से जा चुका था। बाद में पुलिस ने शिकायत और बरामद डिवाइस के आधार पर आरोपी स्टूडियो संचालक तथा उसके पिता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले की आगामी जांच एएसआई जीवन सिंह को सौंपी गई है। पीड़िता ने पुलिस से मांग की है कि यदि उसके निजी फोटो या वीडियो रिकॉर्ड किए गए हैं तो उन्हें तत्काल डिलीट करवाया जाए तथा मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
