हरियाणा के बादली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के MLA कुलदीप वत्स को एक बार फिर धमकी मिली। इस बार धमकी के साथ 1 लाख रुपए महीना रंगदारी देने की डिमांड की। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को अरेस्ट किया है। दोनों झज्जर जिले के सिलाना गांव निवासी मंजीत व विक्रम हैं। आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।

दरअसल, झज्जर के बादली कस्बा से MLA कुलदीप वत्स का गुरुग्राम के पटौदी के अलावा DLF फेज-2 में भी आवास है। 25 अगस्त को वह दिल्ली से DLF फेज-2 में अपने आवास पर पहुंचे थे। तभी उनके मोबाइल पर इंटरनेशनल नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए हर महीने एक लाख रुपए की रंगदारी मांगी और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद विधायक ने गुरुग्राम पुलिस को शिकायत दी।

मामले में कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम क्राइम ब्रांच की टीम ने इंटरनेशनल नंबर की जांच की और फिर झज्जर के गांव सिलाना में रेड कर वहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन्हीं दोनों आरोपियों ने विधायक कुलदीप वत्स को धमकी दी थी। सोमवार को उन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।

इससे पहले भी विधायक कुलदीप वत्स और उनके भाई को धमकी मिल चुकी है। एक महीने पहले तो हथियारों से लैस बदमाश विधायक के पटौदी स्थित आवास में भी घुस गए थे। उस वक्त घर में सिर्फ खाना बनाने वाला कुक था, जिसके साथ बुरी तरह मारपीट कर बदमाशों ने विधायक के बारे में पूछा था। साथ ही विधायक के घर पर ना मिलने पर धमकी दी थी कि कह देना मूसेवाला को नहीं छोड़ा विधायक वत्स तो कुछ भी नहीं है।

विधायक कुलदीप वत्स का कहना है कि उन्हें पिछले डेढ़ साल से परेशान करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन वह किसी से डरने वाले नहीं है और आगे भी नहीं झुकेंगे। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!